केंद्र के खिलाफ लगातार हमलावर रहने वाले केसीआर के एक मंत्री ने रविवार को बड़ा बयान दिया है। तेलंगाना के श्रम मंत्री सी मल्ला रेड्डी ने भाजपा पर तंज कसते हुए कहा कि 2024 के आम चुनाव के बाद केंद्र में मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव की सरकार बनेगी। जिसके बाद पूरे देश में आयकर (आई-टी) द्वारा छापेमारी नहीं की जाएगी। वहीं, दूसरी ओर सामने आया है कि सीएम के चंद्रशेखर राव नौ दिसंबर को एयरपोर्ट एक्सप्रेस मेट्रो की आधारशिला रखेंगे। तेलंगाना सरकार के मंत्री के टी रामा राव ने ट्वीट के जरिए इसकी जानकारी।
श्रम मंत्री सी मल्ला रेड्डी बोले केंद्र में बनेगी केसीआर की सरकार
तेलंगाना के श्रम मंत्री सी मल्ला रेड्डी ने रविवार को एक बैठक में कहा कि 2024 के आम चुनावों में केसीआर की सरकार केंद्र में आएगी। फिर, पूरे देश में आयकर में ढील दी जाएगी और छापे नहीं होंगे। केसीआर ऐसा नियम लाएगे कि लोग स्वेच्छा से कर का भुगतान कर सकेंगे। उन्होंने कहा कि देश में बदलाव होना चाहिए।
उनका ये बयान तब आया है जब हाल ही में आयकर विभाग के अधिकारियों ने मल्ला रेड्डी और उनके परिवार के सदस्यों के घरों की तलाशी ली थी।साथ ही उनके शिक्षण संस्थानों पर भी छापे मारे गए थे। साथ ही पुलिस ने 24 नवंबर को मल्ला रेड्डी के खिलाफ आयकर अधिकारियों के काम में बाधा डालने के आरोप में मामला दर्ज किया था।
नौ दिसंबर को एयरपोर्ट एक्सप्रेस मेट्रो की आधारशिला रखेंगे केसीआर
नगरपालिका प्रशासन और शहरी विकास मंत्री के टी रामा राव ने रविवार को जानकारी दी कि तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव नौ दिसंबर को एयरपोर्ट एक्सप्रेस मेट्रो की आधारशिला रखेंगे। उन्होंने अपने ट्वीट में कहा कि माइंडस्पेस जंक्शन से शमशाबाद (हैदराबाद अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा) हवाईअड्डे तक शुरू होने वाली यह परियोजना 31 किलोमीटर लंबी होगी और इसकी लागत लगभग 6,250 करोड़ रुपये होगी।
उन्होंने कहा कि हैदराबाद आगे बढ़ रहा है। एयरपोर्ट एक्सप्रेस मेट्रो तेलंगाना सरकार द्वारा वित्तपोषित परियोजना है और इसे तीन साल में पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि हमने डीपीआर जमा कर दी है और अतिरिक्त 31 किलोमीटर के सिटी मेट्रो विस्तार के लिए केंद्र सरकार के साथ चर्चा कर रहे हैं।