हैदराबाद के नामपल्ली आपराधिक न्यायालय परिसर में बम की धमकी मिलने से गुरुवार को अफरा-तफरी मच गई। एक अज्ञात ईमेल मिलने के बाद परिसर को खाली कराया और जांच की गई, लेकिन मौके से कुछ भी संदिग्ध बरामद नहीं हुआ।
हैदराबाद के नामपल्ली आपराधिक न्यायालय परिसर में गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब प्रशासन को एक अज्ञात ईमेल के जरिए परिसर में बम होने की धमकी मिली। हालांकि, घंटों चली तलाशी के बाद पुलिस ने इस धमकी को एक अफवाह घोषित कर दिया।
प्रशासन को ईमेल आईडी के जरिए धमकी मिली थी कि न्यायालय परिसर के भीतर विस्फोटक रखे गए हैं। इसकी सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी तुरंत हरकत में आए। इसके बाद पूरे न्यायालय परिसर को खाली करने का आदेश दिया गया।
विज्ञापन
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए बम निरोधक दस्ते और डॉग स्क्वाड को मौके पर बुलाया गया। इसके बाद सुरक्षा टीमों ने न्यायालय के हर कोने की जांच की। मामले को लेकर एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी बताया 'हमने परिसर के हर हिस्से की बारीकी से जांच की, लेकिन कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला और ईमेल झूठी थी।'
इस सबके बाद फिलहाल न्यायालय की सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा कर दिया गया है। पुलिस की साइबर अपराध विंग अब उस ईमेल के आईपी एड्रेस को ट्रैक करने में जुट गई है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस मेल के पीछे का मकसद क्या था? फिलहाल पुलिस ने घटना के संबंध में शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।