तेलंगाना में तेलंगाना राष्ट्र समिति (टीआरएस) सरकार ने पार्टी विधायकों की कथित खरीद फरोख्त से जुड़े मामले की जांच के लिए सात सदस्यीय विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित कर दी है। इसका नेतृत्व हैदराबाद शहर के पुलिस आयुक्त सीवी आनंद करेंगे। एसआईटी के सदस्यों में रेमा राजेश्वरी-एसपी नलगोंडा, कलमेश्वर शिंगनेवार-डीसीपी अपराध, साइबराबाद और आर जगदीश्वर रेड्डी- डीसीपी, शमशाबाद शामिल हैं।
एसआईटी का गठन ऐसे वक्त किया गया है, जब पुलिस महानिदेशक एम महेंद्र रेड्डी ने राज्य सरकार को बताया है कि मामला अति संवेदनशील, हाई-प्रोफाइल और सनसनीखेज है। ऐसे में इसकी गंभीरता से जांच जरूरी है।
सरकारी आदेश में कहा गया कि तेलंगाना-हैदराबाद के पुलिस महानिदेशक ने सरकार से अनुरोध किया है कि वह जनहित में एक विशेष जांच दल का गठन करे, ताकि शीघ्रता से उचित जांच की जा सके। खरीद फरोख्त का मामला पायलट रोहित रेड्डी की शिकायत के आधार पर दर्ज किया गया है।
दरअसल, 26 अक्तूबर को रामचंद्र भारती उर्फ सतीश शर्मा, नंद कुमार और सिम्हायाजी स्वामी के खिलाफ आपराधिक साजिश, रिश्वत की पेशकश और भ्रष्टाचार रोकथाम अधिनियम 1988 के प्रावधान लागू किए गए थे। FIR के मुताबिक, रोहित रेड्डी ने आरोप लगाया कि आरोपियों ने उन्हें 100 करोड़ रुपये की पेशकश की और बदले में विधायक को टीआरएस छोड़ना था। अगले विधानसभा चुनाव में भाजपा उम्मीदवार के रूप में चुनाव लड़ना था।