तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव ने चीन के साथ हाल में ही गलवां घाटी में हुई हिंसक झड़प में 20 जवानों के साथ शहीद हुए कर्नल संतोष बाबू के परिवार को सोमवार को 5 करोड़ रुपये का चेक सौंपा। उन्होंने परिजनों के साथ खडे़ होने का आश्वासन देते हुए कर्नल संतोष की पत्नी संतोषी को सरकारी नौकरी देते हुए समूह-1 की अधिकारी के रूप में नियुक्ति पत्र भी सौंपा। हैदराबाद के बंजारा हिल्स में 711 वर्ग गज के आवास भूखंड को आवंटित करने वाले दस्तावेजों को भी संतोषी को सौंपा गया।
तेलंगाना सरकार ने गलवां के बाकी 19 शहीदों के परिजनों को 10-10 लाख रुपये देने का भी एलान किया है। राव ने शुक्रवार को हुई सर्वदलीय बैठक में कहा था कि भारत की ओर से इस बारे में जल्दबाजी में कोई फैसला नहीं लिया जाना चाहिए और देश के हितों से समझौता नहीं किया जाना चाहिए।