तेलंगाना में एक बेहद ही दिल दहलाने वाली घटना सामने आई है। मेडचल-मलकाजगिरी जिले के मेडिपल्ली में शनिवार शाम एक युवक ने पांच माह की गर्भवती पत्नी की हत्या कर शव के टुकड़े कर दिए और उन्हें मूसी नदी में फेंक दिया। आरोपी महेंद्र रेड्डी (27) कैब ड्राइवर है और उसकी शादी जनवरी 2024 में आर्य समाज मंदिर में हुई थी।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, 21 वर्षीय मृतका ज्योति और आरोपी दोनों विकाराबाद जिले के रहने वाले थे। दोनों मेडिपल्ली के बोडुप्पल स्थित एक किराए के मकान में रहते थे। मलकाजगिरी जोन की डीसीपी पी. वी. पद्मजा ने बताया कि पारिवारिक विवादों के कारण आए दिन झगड़े होते थे। अप्रैल 2024 में, महिला ने विकाराबाद पुलिस में शिकायत दर्ज कराई, जिसमें उसने अपने पति पर घरेलू हिंसा का आरोप लगाया और मामला दर्ज किया गया।
इसके बाद गांव के बुजुर्गों ने सुलह-समझौता किया और समझौता हो गया। मृतका ने शहर के पंजागुट्टा स्थित एक कॉल सेंटर में तीन महीने तक काम किया। उसकी गतिविधियों पर संदेह के कारण आरोपी ने उसे नौकरी जारी रखने से रोक दिया। मार्च 2025 में वह गर्भवती हो गई। पुलिस ने बताया कि इसके बाद भी, उनके बीच अक्सर झगड़े होते रहे।
शनिवार को आरोपी ने पत्नी का गला दबाकर हत्या की और शव को हेक्सा ब्लेड से काट डाला। सिर, हाथ और पैर नदी में फेंक दिए जबकि धड़ कमरे में छिपा दिया। डीसीपी ने बताया कि इसके बाद आरोपी ने शरीर के अंगों को अलग-अलग छोटे प्लास्टिक कवर में पैक किया और टुकड़ों को फेंकने के लिए तीन बार नदी में गया।
बाद में उसने बहन को फोन कर पत्नी के लापता होने की झूठी कहानी बताई। संदेह होने पर रिश्तेदारों ने पुलिस को सूचना दी। पूछताछ में आरोपी ने हत्या स्वीकार कर ली। एनडीआरएफ और ग्रेटर हैदराबाद नगर निगम (जीएचएमसी) की टीमें शव के टुकड़ों की तलाश कर रही हैं। डीएनए जांच से पहचान पुख्ता की जाएगी। मामला दर्ज कर आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है।