CM Revanth Reddy Study At Harvard University: तेलंगाना के मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी हार्वर्ड यूनिवर्सिटी के केनेडी स्कूल में 'लीडरशिप फॉर द 21st सेंचुरी' कार्यक्रम में हिस्सा लेंगे। यह कोर्स 25 से 30 जनवरी तक चलेगा। इसमें 20 से अधिक देशों के प्रतिभागी शामिल होंगे।
तेलंगाना की राजनीति से जुड़ी एक अहम खबर सामने आई है। राज्य के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने अंतरराष्ट्रीय स्तर के नेतृत्व कार्यक्रम में हिस्सा लेने का फैसला किया है। मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी हार्वर्ड यूनिवर्सिटी में लीडरशिप से जुड़ा विशेष कोर्स करेंगे। इसे प्रशासनिक अनुभव और वैश्विक नेतृत्व कौशल को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम माना जा रहा है।
विज्ञापन
मुख्यमंत्री कार्यालय की ओर से जारी जानकारी के मुताबिक, रेवंत रेड्डी अमेरिका के हार्वर्ड यूनिवर्सिटी में आयोजित “लीडरशिप फॉर द 21st सेंचुरी” कार्यक्रम में शामिल होंगे। यह कोर्स हार्वर्ड केनेडी स्कूल ऑफ गवर्नमेंट में आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री 25 जनवरी से 30 जनवरी तक इस कार्यक्रम में कक्षाओं में भाग लेंगे।
क्या है 'लीडरशिप फॉर द 21st सेंचुरी' कार्यक्रम
इस कार्यक्रम का पूरा नाम 21वीं सदी के लिए नेतृत्व (अराजकता, संघर्ष और साहस) है। इसमें दुनिया के अलग-अलग देशों और समयकाल से जुड़े नेतृत्व से संबंधित केस स्टडी पर चर्चा होगी। प्रतिभागियों को वास्तविक परिस्थितियों पर आधारित समस्याओं का समाधान ढूंढना होगा और कक्षा में अपने विचार प्रस्तुत करने होंगे।
20 से ज्यादा देशों के प्रतिभागी होंगे शामिल
सीएमओ ने बताया कि इस कोर्स में 20 से अधिक देशों के प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। मुख्यमंत्री रेवंत रेड्डी इन वैश्विक प्रतिभागियों के साथ समूह परियोजनाओं पर काम करेंगे। उन्हें नियमित कक्षाओं के साथ असाइनमेंट पूरे करने होंगे और ‘होमवर्क’ भी जमा करना होगा।
तेलंगाना प्रशासन को मिलेगा अंतरराष्ट्रीय अनुभव का लाभ
इस कार्यक्रम से मुख्यमंत्री को वैश्विक प्रशासन, संकट प्रबंधन और नेतृत्व कौशल की गहरी समझ मिलेगी। इसका सीधा लाभ तेलंगाना की शासन व्यवस्था और नीतिगत फैसलों में देखने को मिल सकता है। मुख्यमंत्री कार्यालय का मानना है कि यह अनुभव राज्य के विकास कार्यों को और प्रभावी बनाएगा।