हैदराबाद में राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आईपीएल 2025 के दौरान टिकट घोटाला मामले में सीआईडी ने जांच तेज कर दी है। सीआईडी ने हैदराबाद क्रिकेट एसोसिएशन (HCA) के अध्यक्ष जगन मोहन राव समेत कई पदाधिकारियों को बुधवार रात को हिरासत में लिया। उनसे आईपीएल टिकट घोटाले को लेकर पूछताछ की गई। मामले में एचसीए के कोषाध्यक्ष सी श्रीनिवास राव, सीईओ सुनील कांटे, महासचिव राजेंद्र यादव और उनकी पत्नी कविता से भी पूछताछ की गई। मामले को लेकर भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और कांग्रेस नेता मोहम्मद अजहरुद्दीन ने कहा कि यह बेहद शर्मनाक है।
ये भी पढ़ें: राजधानी दिल्ली में गुलजार रहे बाजार, बंगाल में प्रदर्शन, पुलिस से झड़प; बिहार में चक्काजाम
भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और कांग्रेस नेता मोहम्मद अजहरुद्दीन ने कहा कि यह परेशान करने वाला है। हैदराबाद क्रिकेट एसोसिएशन को हस्तक्षेप करना चाहिए और मामले को गंभीरता से लेना चाहिए। खेल हमेशा उसे खेलने या चलाने वालों से बड़ा होता है। उन्होंने क्रिकेट के लिए कुछ नहीं किया है। उन्होंने कहा कि यह समिति अधिकारियों के अनुसार व्यवहार नहीं कर रही थी और अदालत के आदेशों का भी सम्मान नहीं कर रही थी। पिछले साल वे लीग मैच आयोजित किए बिना ही स्थलों का चयन कर रहे थे। यह शर्मनाक है।
आईपीएल के दौरान सनराइजर्स हैदराबाद ने हैदराबाद क्रिकेट संघ (एचसीए) पर ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया था। सनराइजर्स का कहना था कि एचसीए उन्हें मुफ्त की टिकट के लिए ब्लैकमेल करता है। सनराइजर्स ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) को ईमेल लिखकर शिकायत की थी।
सनराइजर्स के एक शीर्ष अधिकारी ने पत्र में लिखा था मैं सनराइजर्स हैदराबाद टीम को लेकर एचसीए की लगातार ब्लैकमेलिंग पर चिंता जताते हुए यह पत्र लिख रहा हूं। यह बार-बार हो रहा है और मुझे लगता है कि अब बीसीसीआई और आईपीएल संचालन परिषद को त्वरित कार्रवाई करनी चाहिए। हम फ्रेंचाइजी द्वारा एचसीए को दिए जाने वाले मुफ्त टिकटों को लेकर स्पष्टता चाहते हैं। एचसीए अध्यक्ष जगन मोहन राव, कोषाध्यक्ष और सचिव सनराइजर्स हैदराबाद प्रबंधन को लगातार धमकाते आ रहे हैं और कह रहे हैं कि अगर उनकी मांगें पूरी नहीं की गई तो वे हैदराबाद में आईपीएल मैच नहीं होने देंगे।
ये भी पढ़ें: अदालत में भावुक माहौल: जज ने सरकार को फोटो हटाने का आदेश दिया, कहा- पीड़ित वकील मेरी बेटी होती तो क्या होता?
मामले में तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए रेवंत रेड्डी ने सनराइजर्स हैदराबाद की शिकायत के जांच के आदेश दिए थे। मामले को सुलझाने के लिए एचसीए सचिव आर देवराज ने राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में सनराइजर्स के अधिकारियों के साथ बैठक की थी। जिसमें यह तय हुआ कि फ्रेंचाइजी संघ को 3900 नि:शुल्क पास आवंटन जारी रखेगी।