तेलंगाना में 7 दिसंबर को चुनाव होने वाले हैं। ऐसे में सभी पार्टियों के उम्मीदवार लोगों को लुभाने की भरपूर कोशिश कर रहे हैं। इसी बीच तेलंगाना राष्ट्रीय समिति (टीआरएस) पार्टी के उम्मीदवारों ने मतदाताओं को लुभाने का एक नायाब तरीका ढूंढा है। वह मतदाताओं को अपने पक्ष में वोट डालने के लिए प्रेरित करते हुए उनके रोजमर्रा के कामकाज में उनका हाथ बंटा रहे हैं।
यदि उम्मीदवार पैसे बांटकर मतदाताओं को लुभाते हैं तो चुनाव आयोग के रडार पर आ सकते हैं क्योंकि आयोग ने खर्च की एक सीमा तय की हुई है। महबूबनगर से
टीआरएस प्रत्याशी और मौजूदा विधायक श्रीनिवास गौड़ ने मजदूरों का हाथ बंटाया, सिलाई मशीन पर कपड़े सिले और पानी के घड़े लेकर जा रही महिलाओं की मदद की। स्पीकर मधुसूदन चारी जो भूपालपल्ले से दोबारा चुनाव लड़ रहे हैं, उन्होंने एक शख्स को अपने हाथों से खाना खिलाया।
वहीं सोशल मीडिया पर एक वीडियो काफी वायरल हो रहा है। जिसमें चारी एक मतदाता के पैर छूते हुए नजर आ रहे हैं। केवल इतना ही नहीं नाई की दुकान पर उन्होंने एक ग्राहक की दाढ़ी तक बनाई। बोधन से टीआरस के
विधायक शकील अहमद और श्रीनिवास गौड़ कोई ऐसा मौका नहीं छोड़ते हैं जिसमें वह माता-पिता की तरह हाथों से मतदाताओं को खाना खिला सकें।
युवा कांग्रेस के अध्यक्ष अनिल कुमार यादव मुशीराबाद जिले से पहली बार चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं। वह कांग्रेस के सिकंदराबाद सांसद अंजन कुमार यादव के बेटे हैं। उन्होंने भी मतदाताओं को लुभाने की ट्रिक्स सीख ली हैं। एक दिलचस्प घटना तब हुई जब येलंडू जिले से विधायक कोरम कनकैया चुनाव प्रचार लिए एक समूह के साथ जा रहे थे। इसी बीच उन्होंने अपना काफिला रोका और एक युवा को नहाने में मदद करने लगे। उन्होंने उसके सिर पर पानी डाला। उनके साथ मौजूद लोग उन्हें ऐसा करते हुए देखकर हैरान रह गए।