साइकिल से गिरने के बाद सड़क पर बैठे तेज प्रताप यादव
बिहार के पूर्व स्वास्थ्य मंत्री और आरजेडी सुप्रीमो लालू यादव के बड़े बेटे तेजप्रताप यादव ने पेट्रोल और डीजल की बढ़ती कीमतों के खिलाफ पटना में साइकिल यात्रा निकाली, लेकिन कुछ ही दूर जाते ही उनका बैलेंस बिगड़ गया और वह लड़खड़ाकर गिर पड़े। हालांकि, तेजप्रताप यादव को संभवतः कोई गंभीर चोट नहीं आई है और वह साइकिल उठाकर दोबारा अपने समर्थकों के साथ चल दिए। सुरक्षाकर्मियों ने तुरंत उन्हें उठाया उसके बाद फिर वह साइकिल यात्रा पर निकल पड़े।
साइकिल यात्रा पर निकले तेजप्रताप यादव ने कहा कि पेट्रोल और डीजल महंगे हो गए हैं, इसलिए साइकिल चलाना ही सही विकल्प है। उन्होंने कहा कि साइकिल चलाने से फिटनेस भी बनी रहती है। गौरतलब है कि नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव के नेतृत्व में 28 जुलाई को आरजेडी साइकिल मार्च निकाल रही है।
दरअसल, बीते गुरुवार को लालू यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव पटना की सड़कों पर अपने समर्थकों के साथ साइकिल यात्रा पर निकले थे। इस दौरान वह काफिले के साथ आराम से साइकिल चला कर जा रहे थे, मगर तभी उन्हें अचानक ऐसा क्या सुझा कि वह अपनी साइकिल को काफी तेज चलाने लगे। कुछ दूर तक तेज गति में चलाने के बाद तेज प्रताप ने अपनी साइकिल की रफ्तार धीमी की, मगर गोलंबर होने की वजह से वह अचानक गिर गये। हालांकि, तुरंत ही वह उठे और आगे बढ़ गये।
साइकिल यात्रा के दौरान जाने से पहले मीडिया से उन्होंने कहा था कि पेट्रोल-डीजल के दाम महंगे हो गये हैं, इसलिए अब साइकिल चलाना ही अच्छा है। इससे स्वस्थ्य रहने में भी मदद मिलती है। हालांकि जब तेज प्रताप गिरे उस वक्त उनके पीछे सुरक्षा में तैनात जवान के साथ-साथ समर्थक भी चल रहे थे।
बीते कुछ दिनों की घटनाओं पर जोर दिया जाए तो इससे यह स्पष्ट हो रहा है कि तेज प्रताप आज कल जो भी करने की कोशिश करते हैं, उसमें कुछ न कुछ ऐसा हो जाता है, जो उनके राजनीतिक करियर के लिहाज से सही नहीं है। मगर उनकी कुछ गतिविधियों से यह स्पष्ट है कि तेज प्रताप अपने भाई तेजस्वी यादव के नक्शे कदम पर ही चलना चाह रहे हैं। खास बात है कि बीते दिनों नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव भी पटना की सड़कों पर साइकिल चलाते दिखे थे। तेज प्रताप के साथ यह पहला वाक्या नहीं है जो मीडिया के सामने इस तरह से आया है। बीते दिनों तेज प्रताप का नहाने के दौरान वाला भी वीडियो वायरल हुआ था, जिसकी वजह से उनकी किरकिरी हुई थी।