मुंबई के मस्जिद बंदर रेलवे स्टेशन के पास हुए एक हादसे में एक शख्स की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल बताए जा रहे हैं। जानकारी के मुताबिक, एक इमारत के दूसरी मंजिल की बालकनी का हिस्सा ढहने से नीचे मौजूद तीन लोग घायल हुए थे, जिसमें से एक शख्स की मौत हो गई।
दक्षिण मुंबई के मस्जिद बंदर स्टेशन के पास गुरुवार रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। एक पुराने भवन की बालकनी का हिस्सा अचानक गिर गया, जिसमें एक शख्स की मौत हो गई और दो लोग घायल हो गए। ये घटना रात करीब 9 बजे नारसी नाथा स्ट्रीट स्थित कोटक भवन में हुई।
दूसरी मंजिल की बालकनी का हिस्सा गिरा
मुंबई अग्निशमन दल और नगरपालिका अधिकारियों के अनुसार, इमारत की दूसरी मंजिल की बालकनी का एक हिस्सा अचानत नीचे आ गिरा। उस समय नीचे एक चाय की दुकान चल रही थी, जहां चाय बनाने वाला और दो ग्राहक मौजूद थे। बालकनी गिरते ही तीनों लोग मलबे की चपेट में आ गए। उन्हें तुरंत नजदीकी राज्य संचालित जे.जे. अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने चाय स्टॉल चलाने वाले 28 वर्षीय मनीष देंदोरे को मृत घोषित कर दिया। दो अन्य घायल, 40 वर्षीय शफीक इस्लाम और 52 वर्षीय शालिकराम जायसवाल, का अस्पताल में इलाज जारी है।
पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच
स्थानीय अधिकारियों ने कहा कि घटना की जांच शुरू कर दी गई है और यह भी देखा जाएगा कि इमारत की हालत कैसी थी और क्या मरम्मत की जरूरतों को लेकर पहले कोई चेतावनी दी गई थी।