चोरी के आरोप में पकड़ा गया स्ट्रगलिंग एक्टर मिराज वल्लभदास कापड़ी
- फोटो : सोशल मीडिया
धारावाहिकों में छोटे-मोटे किरदार निभाने वाले एक अभिनेता को रांदेर पुलिस ने चेन स्नेचिंग के जुर्म में गिरफ्तार किया है। यह एक्टर प्रचलित कॉमेडी धारावाहिक तारक मेहता का उल्टा चश्मा में भी एक्टिंग कर चुका है। पुलिस ने मूल रूप से जूनागढ़ के रहने वाले एक्टर मिराज वल्लभदास कापड़ी के पास से तीन चेन बरामद किए हैं। बता दें, चेन स्नेचिंग के मामले में एक्टर के साथ एक बिल्डर भी पुलिस के हत्थे चढ़ा है, जिसकी पहचान वैभव बाबू जादव के तौर पर की गई है।
दरअसल, पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि रांदेर भेसान चौराहे के पास वैभव बाबू जादव और मिराज वल्लभदास कापड़ी चेन स्नेचिंग करने वाले हैं। ऐसे में पुलिस की एक टीम बनाकर आरोपियों को मौके से दबोच लिया गया। आरोपियों के पास से तीन सोने की चेन, दो मोबाइल और चोरी की बाइक सहित 2 लाख 54 हजार का सामान बरामद हुआ है।
पूछताछ में दोनों आरोपियों ने पुलिस को बताया कि उन्हें क्रिकेट सट्टा खेलने की लत है, जिसकी वजह से वह अब तक 30 से 40 लाख रुपये हार चुके हैं। आरोपियों ने कहा कि उन पर लाखों रुपये का कर्जा हो गया था। पुलिस ने बताया कि आरोपी वृद्ध महिलाओं को खास तौर पर अपना निशाना बनाते थे। चेन स्नेचिंग के लिए वह चोरी की बाइक का इस्तेमाल करते थे।
पुलिस को जांच के दौरान पता चला की आरोपी मिराज कापड़ी तारक मेहता का उल्टा चश्मा, संयुक्ता, थपकी, मेरे अंगने में जैसे कई धारावाहिकों में काम कर चुका है। वह पढ़ा-लिखा है और बी-कॉम की डिग्री ले रखी है। इतना ही नहीं, वह मुंबई की अंधेरी में स्थित महाडा में रहते हुए एक फिटनेस ट्रेनर के तौर पर भी काम करता है।
हालांकि, एक गलत लत की वजह से उसका उज्जवल भविष्य अंधेरे की ओर चला गया। क्रिकेट सट्टा बेटिंग की लत ने दोनों आरोपियों को कर्ज में डुबा दिया, जिससे मुक्त होने के लिए दोनों अपराध के रास्ते पर चल पड़े।