तमिलनाडु भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अन्नामलाई
- फोटो : ANI
तमिलनाडु में अपने पैर जमाने की कोशिश कर रही भाजपा ने सत्ताधारी पार्टी द्रमुक पर भ्रष्टाचार को लेकर बड़ा हमला बोला है। तमिलनाडु भाजपा के अध्यक्ष के अन्नामलाई ने शुक्रवार को 'डीएमके फाइल' नाम से कुछ जानकारियां साझा की, जिनमें डीएमके नेताओं, मुख्यमंत्री स्टालिन और उनके परिजनों के पास अकूत अघोषित संपत्ति होने का आरोप लगाया। डीएमके फाइल में भाजपा ने कुछ ग्राफिक्स दिखाए, जिनमें डीएमके नेताओं और मुख्यमंत्री स्टालिन के परिजनों के पास अरबों रुपए की अघोषित संपत्ति होने का दावा किया।
अन्नामलाई ने आरोप लगाया कि द्रमुक नेता और उनके परिजन करोड़ों रुपए की लग्जरी गाड़ियां, घड़ियां और अन्य सामान इस्तेमाल करते हैं। भाजपा ने एक तस्वीर साझा कि जिसमें मुख्यमंत्री स्टालिन एक घड़ी पहने दिखाई दे रहे हैं। भाजपा ने ग्राफिक में बताया कि इस घड़ी की कीमत करोड़ों में है।
भाजपा ने बताया- भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई
तमिलनाडु भाजपा के अध्यक्ष के अन्नामलाई ने कहा कि ना सिर्फ डीएमके बल्कि सभी राजनीतिक पार्टियों के घोटालों को हम उजागर करेंगे। तमिलनाडु के लोगों के सामने सबकुछ रखा जाएगा फिर देखेंगे कि तमिलनाडु के लोग किसे वोट देते हैं। यह भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई है और यह एक पार्टी के खिलाफ लड़ाई नहीं है। हम यहीं नहीं रुकेंगे।
ये भी पढ़ें-
Tamil Nadu: तमिलनाडु में आरएसएस का रूट मार्च 16 अप्रैल को; इरोड में हुई सड़क दुर्घटना में दो की मौत, 11 घायल
अन्नामलाई ने कहा कि हम डीएमके के घोटालों को उजागर करने के लिए यात्रा निकालेंगे। भाजपा के सभी कार्यकर्ता इस यात्रा में शामिल होंगे। जून के पहले हफ्ते से यह यात्रा शुरू होगी। अन्नामलाई ने आम लोगों को भी इस यात्रा में शामिल होने की अपील की। अन्नामलाई ने कहा कि अभी उन्होंने डीएमके फाइल का पहला हिस्सा ही जारी किया है और पूरे साल इसी तरह के खुलासे करते रहेंगे। अभी सिर्फ निजी संपत्ति को लेकर जानकारी दी गई है, जल्द ही उनकी विभिन्न कंपनियों में शेयर होल्डिंग और संपत्ति की अनुमानित कीमत का खुलासा किया जाना बाकी है।
भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि यह बेहद चिंताजनक है कि किस तरह डीएमके वैश्विक मनी लॉन्ड्रिंग व्यापार का हिस्सा बन गई।