तमिलनाडु के तूतीकोरिन जिले में पुलिस की कथित पिटाई से पिता-पुत्र की मृत्यु का मामला अभी शांत भी नहीं हुआ था कि तेनकासी में कथित तौर पर वर्दीधारी की पिटाई से रविवार को एक ऑटोरिक्शा चालक की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि पीड़ित कुमारसेन की शनिवार को तिरुनेलवेली के सरकारी अस्पताल में मौत हो गई।
पीड़ित को अस्पताल में 12 जून को कथित तौर पर हुई मारपीट के बाद घायल अवस्था में भर्ती कर दिया गया था। इस मामले में दो पुलिस कर्मियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। उन्होंने बताया कि 25 वर्षीय ऑटो चालक के रिश्तेदारों ने न्याय की मांग करते हुए सड़क पर विरोध प्रदर्शन किया।
यह भी पढ़ें-तमिलनाडु में पुलिस हिरासत में पिता-पुत्र की मौत, राहुल गांधी ने सरकार से की न्याय की अपील
पुलिस ने इस जिले के अलंगुलम के पास वीरकलमपुथुर के लोगों के साथ बातचीत की। उन्होंने बताया कि एक सहायक उप निरीक्षक सहित दो पुलिस कर्मियों के खिलाफ मामले दर्ज किए गए थे। मृतक एक विवाद के सिलसिले में स्थानीय पुलिस स्टेशन गया था और पुलिस द्वारा कथित तौर पर पिटाई के बाद, पीड़ित के पिता ने जिला पुलिस प्रमुख के पास शिकायत दर्ज कराई थी।
द्रमुक अध्यक्ष एमके स्टालिन ने इस घटना की निंदा करते हुए पूछा कि क्या मुख्यमंत्री के पलानीस्वामी ने राज्य को पुलिस के पास सौंप दिया है। उन्होंने ट्विटर पर लिखा, ‘मुख्यमंत्री क्या कर रहे हैं।’ इसी बीच एक अन्य घटना में तूतीकोरिन जिले के एट्टायपुरम के एक निर्माण श्रमिक ने पुलिस द्वारा कथित तौर पर पिटाई किए जाने के बाद आत्महत्या कर ली। उसके रिश्तेदारों ने सड़क पर धरना दिया और शव लेने से इनकार कर दिया।