तमिलनाडु की राजनीति में एक बार फिर तीखी बयानबाजी देखने को मिल रही है। डीएमके सरकार पर मंदिरों के फंड के दुरुपयोग के आरोपों के बाद अब तमिलनाडु के मंत्री पीके शेखर बाबू ने एआईएडीएमके नेता एडप्पाडी पलानीस्वामी पर करारा हमला बोला है। उन्होंने एआईएडीएमके और बीजेपी के गठबंधन को गंदे तालाब जैसा बताया और डीएमके को साफ बहती नदी जैसा करार दिया।
डीएमके नेता और राज्य के धार्मिक मामलों के मंत्री पीके शेखर बाबू ने कहा कि एआईएडीएमके नेता पलानीस्वामी को इतिहास की जानकारी नहीं है और वह अज्ञानता के अंधकार में डूबे हुए हैं। उन्होंने पलानीस्वामी के उस आरोप को खारिज किया जिसमें कहा गया था कि डीएमके सरकार मंदिरों के चढ़ावे से स्कूल और कॉलेज बना रही है। बाबू ने कहा कि एआईएडीएमके का गठबंधन गंदे तालाब जैसा है जिसमें मछली भी नहीं पकड़ सकते, जबकि डीएमके का गठबंधन एक साफ बहती हुई नदी जैसा है।
पलानीस्वामी का राज्यव्यापी अभियान
एआईएडीएमके महासचिव एडप्पाडी के। पलानीस्वामी ने आगामी विधानसभा चुनाव 2026 को ध्यान में रखते हुए कोयंबटूर जिले के मेट्टुपलायम से राज्यव्यापी अभियान की शुरुआत की है। इस अभियान का नाम है मक्कलाई काप्पोम, तमिलगथाई मेट्पोम यानी आइए जनता को बचाएं, तमिलनाडु को मुक्त कराएं। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ एक प्रचार यात्रा नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य डीएमके सरकार की नाकामियों को उजागर करना और उसे सत्ता से हटाना है।
ये भी पढ़ें- चुनाव आयोग ने साझा की संविधान के अनुच्छेद 326 की तस्वीर; बिहार में मतदाता सूची संसोधन पर दिया बड़ा संकेत
डीएमके विरोधियों का एआईएडीएमके में स्वागत
पलानीस्वामी ने अपने गठबंधन को लेकर साफ कहा कि उनकी पार्टी उन सभी दलों के साथ आने को तैयार है जो डीएमके के खिलाफ हैं। उन्होंने अभिनेता विजय की पार्टी 'तमिऴगा वेत्त्री कषगम' के साथ भी संभावित गठबंधन को लेकर दरवाजे खुले रखने की बात कही, हालांकि टीवीके ने पहले ही बीजेपी के साथ किसी गठजोड़ से इनकार कर दिया है।
बीजेपी गठबंधन पर पलानीस्वामी कायम
एआईएडीएमके फिलहाल बीजेपी के नेतृत्व वाले एनडीए गठबंधन का हिस्सा है और उसने अपने रुख में कोई बदलाव नहीं किया है। पलानीस्वामी ने अभिनेता विजय के अकेले चुनाव लड़ने के फैसले को उनकी निजी राय बताया और कहा कि सभी पार्टियां अपने आधार को मजबूत करने के लिए आलोचना करती हैं, ये राजनीति में आम बात है।
ये भी पढ़ें- पप्पू यादव और कन्हैया कुमार को मारा धक्का! राहुल गांधी की रैली में बेइज्जती
2026 में सत्ता वापसी का दावा
एआईएडीएमके प्रमुख ने जोर देकर कहा कि 2026 के चुनाव में उनकी पार्टी सत्ता में वापसी करेगी। उन्होंने कहा कि यह अभियान राज्य की जनता को डीएमके सरकार की विफलताओं के बारे में बताने और तमिलनाडु को एक नई दिशा देने के लिए चलाया जा रहा है। पलानीस्वामी को भरोसा है कि यह यात्रा इतिहास बनाएगी।