Tamil Nadu Politics: चुनावी राज्य तमिलनाडु में सियासी बयानबाजी ने जोर पकड़ लिया है। आईएडीएमके नेता के कांग्रेस-डीएमके पर दिए बयान के बाद अब कांग्रेस राज्य अध्यक्ष ने पलानीस्वामी को घेरते हुए भाजपा से उनको सतर्क रहने की नसीहत दी है।
तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव करीब आते ही सियासी बयानबाजी ने भी जोर पकड़ा लिया है। तमिलनाडु कांग्रेस अध्यक्ष सेल्वापेरुंथगई ने आईएडीएमके को नसीहत देते हुए भाजपा पर करारा हमला बोला है। के. सेल्वापेरुंथगई ने AIADMK महासचिव एडप्पादी के. पलानीस्वामी के डीएमके-कांग्रेस गठबंधन पर की गई टिप्पणी पर पलटवार करते हुए कहा कि उनको अपनी पार्टी को बचाने पर ध्यान देना चाहिए।
विज्ञापन
सेल्वपेरुंथगई की पलानीस्वामी को नसीहत
चेन्नई में मीडिया से बात करते हुए सेल्वपेरुंथगई ने कहा, 'पलानीस्वामी को अपनी पार्टी की रक्षा पर ध्यान देना चाहिए। भाजपा एक ऑक्टोपस की तरह है, जो सभी पार्टियों को निगल जाती है। अब वह एआईएडीएमके को निगलने जा रही है। भाजपा पहले ही एआईएडीएमके के तीन-चौथाई सदस्यों को निगल चुकी है। पलानीस्वामी को अपनी पार्टी के बचे हुए हिस्से की रक्षा करनी चाहिए।'
पलानीस्वामी का सरकार पर तीखा हमला
बता दें कि रविवार को AIADMK नेता एडप्पादी के. पलानीस्वामी ने डीएमके की सरकार पर तीखा हमला किया। उन्होंने गठबंधन सरकार पर प्रशासनिक अक्षमता और तमिलनाडु लोक सेवा आयोग (TNPSC) की परीक्षाओं का प्रभावी ढंग से संचालन न कर पाने का आरोप लगाया।
विज्ञापन
तंजावुर में कई कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के बाद चेन्नई रवाना होने से पहले उन्होंने त्रिची हवाई अड्डे पर पत्रकारों से मुलाकात की। हवाई अड्डे पर पत्रकारों से उन्होंने कहा कि DMK सरकार प्रशासनिक रूप से अक्षम है और TNPSC की परीक्षाओं का ठीक से संचालन करने में विफल रही है।
एडप्पाडी पलानीस्वामी ने दावा किया कि मुख्यमंत्री निधि आवंटित न करने के लिए केंद्र सरकार को दोषी ठहराते रहते हैं, जबकि केंद्र केवल योजना-आधारित सहायता ही प्रदान कर सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य सरकार द्वारा केंद्र से उचित संपर्क न करने के कारण कई केंद्रीय योजनाएं तमिलनाडु तक नहीं पहुंच पाईं।