राजभवन में एक आधिकारिक समारोह के दौरान तमिलनाडु के राज्यपाल आरएन रवि ने थंगम थेनारासु को मंत्री पद की शपथ दिलाई।
तमिलनाडु के मंत्रिमंडल में फेरबदल करने की खबरें कई दिनों से आ रही थीं। उम्मीद जताई जा रही थी की सीएम स्टालिन के विदेश दौरे से पहले यह फेरबदल हो जाएगा। हालांकि, ऐसा ही हुआ। तमिलनाडु के मंत्री पलानीवेल थियागा राजन (पीटीआर) को गुरुवार को वित्त और मानव संसाधन प्रबंधन के प्रमुख मंत्रालय से मुक्त कर दिया है। उनकी जगह थंगम थेनारासु लेंगे, जबकि राजन को सूचना प्रौद्योगिकी विभाग दिया गया है।
बता दें, दक्षिणी तमिलनाडु के मृदुभाषी द्रमुक नेता थंगम थेनारासु नए वित्त मंत्री हैं। वहीं, उद्योग विभाग को मन्नारगुडी निर्वाचन क्षेत्र से तीन बार के विधायक टीआरबी राजा को आवंटित किया गया है, जिन्हें नए मंत्रिपरिषद में शामिल किया गया था। बता दें, डीएमके की आईटी शाखा के सचिव राजा पार्टी के कोषाध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री टीआर बालू के बेटे हैं। राजभवन में एक आधिकारिक समारोह के दौरान तमिलनाडु के राज्यपाल आरएन रवि ने थंगम थेनारासु को मंत्री पद की शपथ दिलाई।
पीटीआर ने कहा कि सूचना प्रौद्योगिकी का कामकाज देने के लिए वह मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के 'आभारी' हैं। हाल ही में, भारतीय जनता पार्टी तमिलनाडु के प्रमुख के अन्नामलाई ने हाल ही में मुख्यमंत्री एमके स्टालिन के परिवार पर 'भ्रष्टाचार' का आरोप लगाते हुए कथित रूप से पलानीवेल थियागा राजन के ऑडियो टेप जारी किए थे। हालांकि, पीटीआर ने ऑडियो क्लिप में लगाए गए आरोपों का खंडन किया है और उन्हें 'झूठा' और 'मनगढ़ंत' कहा है। वहीं, स्टालिन ने भी हाल ही में कहा था कि वह सस्ती राजनीति में लिप्त लोगों को प्रचारित नहीं करना चाहते हैं।