देश में कोरोना संक्रमण के बढ़ते मामलों को देखते हुए तमिलनाडु ने सोमवार को 30 अप्रैल तक लॉकडाउन बढ़ाने का एलान किया है। वहीं, अरुणाचल प्रदेश लॉकडाउन को 30 अप्रैल तक बढ़ा दिया है। राज्य के मुख्य सचिव ने इस बात की जानकारी दी है।
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के पलानीस्वामी ने पूर्ण लॉकडाउन लागू करने की घोषणा की और कहा कि लॉकडाउन को 30 अप्रैल तक बढ़ाया जा रहा है। सीएम ने कहा कि यह फैसला स्वास्थ्य विशेषज्ञों से सलाह के बाद लिया गया है।
इसके अलावा पुडुचेरी ने भी लॉकडाउन को बढ़ा दिया है। मुख्यमंत्री वी नारायणसामी ने बताया कि लॉकडाउन 30 अप्रैल तक बढ़ाया गया है। वहीं, मेघालय में भी लॉकडाउन को 30 अप्रैल तक कर दिया है।
तमिलनाडु में कोरोना संक्रमितों की संख्या 1043 हो गई है। इससे पहले, महाराष्ट्र, पंजाब, ओडिशा, राजस्थान, पश्चिम बंगाल और तेलंगाना ने लॉकडाउन को 30 अप्रैल तक बढ़ाने की घोषणा की थी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की 13 राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ की गई वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग का उल्लेख करते हुए पलानीस्वामी ने कहा कि अन्य राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने भी लॉकडाउन को बढ़ाने का समर्थन किया था।
गौरतलब हो कि पीएम मोदी ने शनिवार को चार घंटे की बैठक कर संकेत दिया कि मुख्यमंत्रियों के अनुरोधों पर विचार करने के बाद कोविड-19 महामारी के बीच लॉकडाउन को दो सप्ताह तक बढ़ाया जा सकता है। प्रधानमंत्री ने जीवन और अर्थव्यवस्था दोनों की रक्षा करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा था, 'मैंने अपने पहले संबोधन में कहा था जान है तो जहान है। अब हमें जान भी देखना होगा और जहान भी।'
इस खतरनाक वायरस के संक्रमण की चेन को तोड़ने के लिए प्रधानमंत्री मोदी द्वारा 24 मार्च को तीन सप्ताह के लॉकडाउन की घोषणा की गई थी। केंद्र का कहना है कि यह एक सफल निर्णय था और अगर लॉकडाउन को लागू नहीं किया गया तो भारत में कोरोना वायरस संक्रमितों की संख्या कई गुना हो सकती थी। वहीं, पीएम मोदी कल सुबह 10 बजे कोरोना वायरस लॉकडाउन को लेकर राष्ट्र को संबोधित करेंगे।