बोरवेल में गिरे बच्चे को बचाने का प्रयास जारी
- फोटो : एएनआई
तमिलनाडु के तिरुचिरापल्ली जिले में बोरवेल में गिरे तीन साल के बच्चे को बचाने के प्रयास सोमवार को भी जारी हैं। राज्य सरकार के एक बड़े अधिकारी ने यह जानकारी देते हुए कहा कि बचाव अभियान किसी भी कीमत पर बंद नहीं किया जाएगा।
राजस्व प्रशासन के आयुक्त जे राधाकृष्णन ने कहा कि जिले के मनाप्पराई के पास नादुकट्टुपट्टी में बोरवेल में गिरे बच्चे को बचाने के प्रयास किसी भी कीमत बंद नहीं किए जाएंगे और काम जारी रहेगा।
शुक्रवार शाम को अपने घर के पास खेलते समय बोरवेल में गिर गया सुजीत विल्सन शुरू में 35 फीट की गहराई पर अटका हुआ था, लेकिन कल शाम शुरू हुए बचाव के प्रयासों के वह 70 फीट से अधिक नीचे चला गया। शाम 5.30 बजे से फंसे लड़के को लगातार ऑक्सीजन की आपूर्ति की जा रही है।
वर्तमान में बच्चा करीब 100 फीट की गहराई में फंसा हुआ है। बच्चे के बचाव कार्य के लिए बोरिंग मशीन को बुलाया गया है। अधिकारियों के मुताबिक, बचाव अभियान में छह टीमें शामिल हैं। अधिकारियों ने कहा कि पहले हम बच्चे को रोते हुए सुन पा रहे थे लेकिन अब हम उसे सुन नहीं पा रहे हैं। लेकिन हमें लगता है कि बच्चा सुरक्षित है और सांस ले रहा है।