अन्नाद्रमुक और द्रमुक के बीच नाक का सवाल बनी इरोड (पूर्वी) सीट पर मतदान से पहले मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने बड़ा एलान किया है। उम्मीदवार ई वी के एस इलांगोवन के लिए समर्थन की मांग करते हुए मुख्यमंत्री एम के स्टालिन ने शनिवार को घोषणा करके हुए कहा कि तमिलनाडु में परिवार की प्रत्येक महिला मुखिया के लिए सत्तारूढ़ द्रमुक की बहुचर्चित मासिक सहायता योजना लागू करेगी। उन्होने यह भी कहा कि इसकी घोषणा राज्य के आगामी बजट में की जाएगी।
प्रचार अभियान के दौरान डीएमके के अध्यक्ष स्टालिन ने आगे कहा कि उनकी पार्टी कभी भी अपने वादों या घोषणाओं को पूरा करने में विफल नहीं रही है। विपक्ष के आरोपों को खारिज करते हुए स्टालिन ने जोर देकर कहा कि परिवार की प्रत्येक महिला मुखिया को प्रति माह 1,000 रुपये प्रदान करने का द्रमुक का चुनावी वादा निश्चित रूप से लागू किया जाएगा।
स्टालिन ने डीएमके के नेतृत्व वाले सेक्युलर प्रोग्रेसिव एलायंस की ओर से चुनाव मैदान में उतरे कांग्रेस उम्मीदवार ई वी के एस इलांगोवन के लिए वोट मांगते हुए कहा कि इस योजना के कार्यान्वयन की तारीख की घोषणा मार्च में बजट में की जाएगी।
85 फीसदी चुनावी वादों को किया गया पूरा
इस दौरान सीएम ने कहा कि डीएमके द्वारा किए गए 85 फीसदी चुनावी वादों को लागू किया जा चुका है। साथ ही बचे हुए वादों को इस साल के अंत तक पूरा कर लिया जाएगा। अपने संबोधन में उन्होंने लोगों के लिए विकास कार्यों और अन्य योजनाओं के क्रियान्वयन, मुख्य रूप से राज्य द्वारा संचालित बसों में महिलाओं को मुफ्त यात्रा रियायत, सरकारी स्कूलों में छात्रों को मुफ्त नाश्ता और किसानों को मुफ्त बिजली के बारे में विस्तार से बताया।
इससे पहले, तमिलनाडु भाजपा प्रमुख के अन्नामलाई ने उपचुनाव से पहले इरोड-पूर्व विधानसभा सीट पर अन्नाद्रमुक उम्मीदवार के एस थेनारासू के लिए प्रचार के दौरान सत्तापक्ष पर आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था कि डीएमके ने अपने चुनावी वादे पूरे नहीं किए। उपचुनाव में वोटिंग DMK सरकार के खिलाफ होगी। अन्नामलाई ने आरोप लगाया था कि डीएमके सरकार कानून-व्यवस्था सहित अपनी सभी जिम्मेदारियों में फेल साबित हुई है।
साड़ियां-कुकर मुफ्त में बांटकर भी नहीं मिलेगी जीत
तमिलनाडु बीजेपी प्रमुख के अन्नामलाई ने कहा कि हमें भरोसा है कि एनडीए उम्मीदवार केएस थेनारासु भारी अंतर से जीतेंगे। डीएमके राज्य के लोगों को हल्के में नहीं ले सकती। इस दौरान उन्होंने सत्तापक्ष पर वोटरों को लुभाने के लिए फ्री में चीजें बांटने का आरोप लगाया। भाजपा प्रमुख ने कहा कि राज्य निर्वाचन आयोग के पर्यवेक्षकों की निगरानी में मुफ्त प्रेशर कुकर, रेशमी साड़ियों का वितरण हो रहा है। बीजेपी ने इसे ईसीआई के समक्ष उठाया है। अन्नाद्रमुक इस मुद्दे पर कोर्ट जा चुकी है। डीएमके को लगता है कि वह मुफ्त में चीजें बांटकर जीत सकती है, लेकिन ऐसा नहीं होगा।