तमिलनाडु के अरियालुर जिले के तमिलनाडु स्टेट मार्केटिंग कॉरपोरेशन शराब की दुकान में रविवार को गुस्साए लोगों ने घुसकर तोड़फोड़ की। आवासीय क्षेत्र में शराब की बिक्री के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के दौरान लोगों ने ऐसा किया। दुकान में तोड़फोड़ के बाद भीड़ जिसमें अधिकतर महिलाएं शामिल थीं, शराब की बोतलों वाले बक्से को सड़क पर रखकर विरोध प्रदर्शन किया।
बता दें कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के बाद सेथुराई अरियालुर मार्ग स्थित सरकारी शराब की दुकान को बंद कर दिया गया था। लेकिन बाद में सरकारी शाखा ने निवासियों के विरोध पर ध्यान दिए बगैर रॉयल सिटी आवासीय क्षेत्र में फिर से नई शराब की दुकान को खोल दी।
5 मई को क्षेत्र की महिलाओं ने दुकान को घेर लिया और किसी को भी इसे खोलने की इजाजत नहीं दी। अधिकारियों ने फिर उनके साथ मुलाकात की और उनसे वादा किया कि क्षेत्र के निवासियों को कोई नुकसान नहीं पहुंचाएगा और उन्हें पर्याप्त सुरक्षा दी जाएगी।
महिलाओं ने शिकायत की कि शराब की दुकान की वजह से कोई महिला या बच्चा बिना परेशान हुए सड़क पर नहीं चल सकते। कुछ ने तो यहां तक शिकायत की कि शराबी पुरुष नग्न अवस्था में सड़क पर डांस करते दिखाई पड़ते हैं। इस पर संबंधिक अधिकारियों ने कार्रवाई का वादा किया।
अधिकारियों पर भरोसा नहीं रखकर स्थानीय निवासियों ने दुकान के आसपास चप्पल और झाड़ू लटका दिए। इतना ही नहीं वो दुकान के सामने डेरा जमाकर बैठ गए। तीन दिन के प्रदर्शन के बाद भी सरकारी अधिकारियों के ध्यान न देने पर गुस्साए लोगों ने दुकान का ताला तोड़ने का फैसला लिया। उन्होंने दुकान से 11 लाख रुपये की शराब की बोतलें निकाली और उन्हें सड़क पर रखकर प्रदर्शन करने लगे।
अधिकारियों ने बाद में सड़क पर से बोतलें हटवाईं। स्थानीय निवासियों ने गर्व से दावा किया कि उन्होंने बिना किसी सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाए शराब की दुकान हटवा ली।