तमिलनाडु के मदुरै में शनिवार को एक इमारत में लगी आग बुझाने के दौरान वह ढह जाने से दो दमकल कर्मियों की मौत हो गई। हादसे में दो दमकल कर्मी घायल हुए हैं। मुख्यमंत्री के पलानीस्वामी ने फायर ब्रिगेड कर्मी शिवराजन और पी कृष्णमूर्ति की मौत होने पर शोक व्यक्त किया है।
मुख्यमंत्री ने दोनों मृतकों के परिवारों को 25-25 लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा की है। इसके अलावा उनके एक-एक परिजन को योग्यता के आधार पर सरकारी नौकरी दी जाएगी। घायल कर्मियों को तीन-तीन लाख रुपये प्रदान किए जाएंगे और उनका इलाज कराया जाएगा।
पुलिस ने बताया कि शायद बिजली के शॉर्ट सर्किट से पुरानी इमारत में आग लग गई, जिसे बुझाने के दौरान वह धराशायी हो गई। चार दमकल कर्मी मलबे में दब गए। इनमें से दो की मौत हो गई व दो को घायल हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है।