तमिलनाडु भाजपा ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर इस वीडियो का जवाब देते हुए तंज कसा और लिखा कि 'एक बकरी को बीच सड़क काटना और के अन्नामलाई के खिलाफ चीखना और उनकी हार का जश्न मनाने से साफ पता चलता है कि राजनीतिक पार्टियां तमिलनाडु भाजपा के विकास से डरी हुई हैं।
तमिलनाडु भाजपा ने गुरुवार को एक वायरल वीडियो पर कड़ी आपत्ति जताई है। दरअसल इस वीडियो में कुछ लोग एक बकरी को सार्वजनिक रूप से काटते हुए नजर आ रहे हैं। इस बकरी के गले में तमिलनाडु भाजपा के अध्यक्ष के अन्नामलाई की तस्वीर लगी है। हालांकि यह पता नहीं चल सका है कि यह कथित घटना कहां और कब हुई और इस वीडियो को किसने अपलोड किया है।
विज्ञापन
भाजपा ने कसा तंज
वायरल वीडियो पर तमिलनाडु भाजपा के उपाध्यक्ष और पार्टी प्रवक्ता नारायण तिरुपति ने इस वीडियो को अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर किया और इस वीडियो की कड़ी निंदा की। तमिलनाडु भाजपा ने अपने आधिकारिक एक्स हैंडल पर इस वीडियो का जवाब देते हुए तंज कसा और लिखा कि 'एक बकरी को बीच सड़क काटना और के अन्नामलाई के खिलाफ चीखना और उनकी हार का जश्न मनाने से साफ पता चलता है कि राजनीतिक पार्टियां तमिलनाडु भाजपा के विकास से डरी हुई हैं। इस वीडियो से पता चलता है कि विपक्षी पार्टियां कितने निचले स्तर तक गिर सकती हैं।'
आम चुनाव में भाजपा की हार
तमिलनाडु भाजपा ने लिखा कि 'वीडियो में छोटे बच्चों से अन्नामलाई के खिलाफ नारे लगवाए गए। बच्चों में नफरत और गुस्से को बढ़ावा दिए जाने की जितनी निंदा की जाए, उतनी कम है। इससे विपक्ष की घटिया राजनीति का खुलासा हो गया है। हम मांग करते हैं कि इन अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।' उल्लेखनीय है कि राज्य में 19 अप्रैल को लोकसभा चुनाव के लिए वोट डाले गए थे और 4 जून को नतीजों की घोषणा की गई। नतीजों में डीएमके नीत गठबंधन ने सभी 39 सीटों पर जीत दर्ज की है। वहीं भाजपा एक भी सीट नहीं जीत सकी। तमिलनाडु की कोयंबटूर सीट पर भाजपा अध्यक्ष के अन्नामलाई को हार का सामना करना पड़ा।