पांवटा में भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा।
- फोटो : ANI
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा गुरुवार को तमिलनाडु में थे। उन्होंने मदुरै में कहा कि अब हमारे देश की अर्थव्यवस्था सबसे तेजी से बढ़ने वाली अर्थव्यवस्था है। हमारी नीतियां गरीब, किसान, महिला और उद्योग समर्थक रही हैं। मोदी सरकार में समग्र विकास हुआ है। हम सबका ख्याल रख रहे हैं। पिछले 8 वर्षों में 32,000 अनावश्यक अनुपालनों को हटा दिया गया है। हमने लाइसेंस राज को खत्म कर दिया है।
उन्होंने कहा कि UPA के समय की तुलना में FDI में 65% की वृद्धि हुई है। भारत का इलेक्ट्रॉनिक निर्यात दोगुना हो गया है। अमेरिकन एक्सप्रेस के सर्वेक्षण के अनुसार, पीएम मोदी की मेक इन इंडिया पहल से लगभग 83% एमएसएमई लाभान्वित हुए हैं।
तमिलनाडु विकास में पीछे नहीं: नड्डा
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार की जन हितैषी नीतियों और पहलों ने विकास को समग्र बना दिया है। तमिलनाडु विकास में पीछे नहीं है और यह सरकार की प्राथमिकता पर भी है। उन्होंने संकेत देते हुए कहा कि मदुरै में एम्स की स्थापना का 95 फीसदी प्रतिशत काम पूरा हो चुका है और इसे जल्द ही प्रधानमंत्री द्वारा समर्पित किया जाएगा।
तमिलनाडु के आर्थिक विकास को सुविधाजनक बनाने के लिए तैयार
उन्होंने कहा कि एम्स परियोजना के लिए लगभग 1,264 करोड़ रुपये आवंटित किए गए हैं और इसके अलावा 164 करोड़ रुपये संक्रामक रोग ब्लॉक की स्थापना के लिए खर्च किए गए हैं। इसके अलावा केंद्र हमेशा तमिलनाडु के आर्थिक विकास को सुविधाजनक बनाने के लिए तैयार रहेगा।
स्टालिन सरकार को भी घेरा
उन्होंने खेद व्यक्त किया कि तमिलनाडु सरकार ने यहां अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा परियोजना के लिए आवश्यक 643.70 एकड़ के मुकाबले 543 एकड़ जमीन आवंटित की, जिसके लिए केंद्र ने 550 करोड़ रुपये आवंटित किए हैं।
कराईकुडी में एक जनसभा को भी संबोधित किया
इसके बाद जेपी नड्डा ने कराईकुडी में एक जनसभा को भी संबोधित किया। यहां उन्होंने कहा कि मैं यहां उपस्थित जनसमूह से सम्मानित महसूस कर रहा हूं और इससे मुझे विश्वास हो रहा है कि तमिलनाडु में भाजपा का भविष्य है। तमिलनाडु में जल्द ही कमल खिलने वाला है। तमिलनाडु पवित्र भूमि है, यह योद्धाओं की भूमि है।