तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन ने आगामी विधानसभा चुनाव के लिए अपना नामांकन पत्र दाखिल कर दिया है। उन्होंने चेन्नई की कोलाथुर विधानसभा सीट से अपना पर्चा भरा। नामांकन दाखिल करने के बाद स्टालिन ने अपनी जीत को लेकर पूरा भरोसा जताया। स्टालिन ने कहा कि कोलाथुर की जनता उन्हें लगातार चौथी बार शानदार जीत दिलाएगी।
मुख्यमंत्री और डीएमके प्रमुख एमके स्टालिन ने गठबंधन सहयोगियों के बीच सीटों के बंटवारे का एलान हो चुका है। इसमें कुल 234 विधानसभा सीटों में से डीएमके खुद 164 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। वहीं, कांग्रेस को 28 सीटें दी गई हैं। नामांकन पत्र दाखिल करने के बाद सीएम ने विश्वास जताया कि इस बार की जीत पहले से भी बड़ी होगी।
टीवीके प्रमुख विजय ने भरा नामांकन
अभिनेता से नेता बने टीवीके प्रमुख विजय ने सोमवार को विधानसभा चुनाव के लिए अपना नामांकन दाखिल कर दिया। वह चेन्नई की पेरम्बूर सीट से चुनाव लड़ेंगे। विजय पहली बार चुनावी मैदान में उतर रहे हैं। उन्होंने अपनी पहली सियासी पारी के लिए उत्तर चेन्नई की पेरम्बूर सीट को चुना है। इस इलाके में कामकाजी वर्ग की एक बड़ी आबादी रहती है।
नामांकन के लिए जारी दिशा-निर्देश
बता दें कि तमिलनाडु विधानसभा चुनाव के लिए नामांकन पत्र भरने की प्रक्रिया आज यानी सोमवार से शुरू हो गई है। चुनाव के इस महत्वपूर्ण चरण को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के लिए चुनाव अधिकारियों ने सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। अधिकारियों ने बताया कि नामांकन दाखिल करने आने वाले उम्मीदवारों को सभी नियमों का सख्ती से पालन करना होगा। एक उम्मीदवार के साथ अधिकतम तीन वाहन ही आ सकते हैं। इन वाहनों को चुनाव अधिकारी (रिटर्निंग ऑफिसर) के दफ्तर से कम से कम 100 मीटर की दूरी पर खड़ा करना होगा। इसके अलावा, दफ्तर के अंदर केवल उम्मीदवार और उनके साथ आने वाले अधिकतम तीन लोगों को ही जाने की अनुमति मिलेगी।
नामांकन के लिए आठ दिन का समय
नामांकन के लिए कुल आठ दिन का समय तय किया गया है। हालांकि, बीच में सार्वजनिक छुट्टियां होने की वजह से उम्मीदवारों को फॉर्म जमा करने के लिए केवल चार कार्य दिवस ही मिलेंगे। इसलिए प्रशासन ने उम्मीदवारों को सलाह दी है कि वे आखिरी समय की परेशानियों से बचने के लिए समय रहते अपनी तैयारी पूरी कर लें।
ये भी पढ़ें: पश्चिम एशिया संकट: अमेरिकी आर्थिक आंकड़ों पर निर्भर करेगी कीमती धातुओं की चाल, अधिक उतार-चढ़ाव की उम्मीद नहीं
चुनाव आयोग ने उम्मीदवारों की सुविधा के लिए अपनी आधिकारिक वेबसाइट पर ऑनलाइन फॉर्म भरने का विकल्प भी दिया है। लेकिन अधिकारियों ने यह साफ कर दिया है कि ऑनलाइन फॉर्म भरने के बाद भी उम्मीदवार को उसकी भौतिक प्रतियां खुद जाकर चुनाव अधिकारी को सौंपनी होगी। यह काम तय समय सीमा के भीतर ही करना होगा।
फॉर्म भरते समय दे विशेष ध्यान
अधिकारियों ने नामांकन फॉर्म भरते समय सटीकता पर विशेष जोर दिया है। उम्मीदवारों को अपना नाम और अन्य व्यक्तिगत जानकारी बिल्कुल सही भरनी होगी। जानकारी गलत होने पर नामांकन रद्द किया जा सकता है। इस बार इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) पर हर उम्मीदवार की रंगीन फोटो भी दिखाई देगी। इसके लिए उम्मीदवारों को नामांकन पत्र के साथ अपनी एक नई फोटो लगानी होगी, जो पिछले तीन महीनों के भीतर खिंचवाई गई हो।
छह अप्रैल तक होगा नामांकन
उम्मीदवारों को अपनी योग्यता और अन्य विवरणों वाला एक शपथ पत्र भी जमा करना होगा। नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख छह अप्रैल है और दोपहर तीन बजे तक ही फॉर्म लिए जाएंगे। इसके बाद सात अप्रैल को नामांकन पत्रों की जांच की जाएगी। जो उम्मीदवार अपना नाम वापस लेना चाहते हैं, वे 9 अप्रैल तक ऐसा कर सकते हैं। तमिलनाडु में विधानसभा चुनाव के लिए 23 अप्रैल को मतदान होगा और चार मई को नतीजों की घोषणा की जाएगी। चुनाव अधिकारियों ने कहा है कि नामांकन प्रक्रिया को सुचारू रूप से चलाने के लिए सभी जरूरी इंतजाम पूरे हैं।
अन्य वीडियो-