एक तरफ जहां पूरा देश ट्रिपल तलाक को खत्म करने की कवायद में जुटा हुआ है वहीं आज भी कुछ महिलाओं को हर समय इस बात का डर सताता रहता है कि न जाने कब उनका पति उन्हें तलाक दे दे। तलाक की प्रकिया को जिस तरह से लोगों ने अपनी सहूलियत के हिसाब से आसान बना लिया है उससे कई महिलाओं की जिंदगी नर्क बन गई है। ऐसा ही एक मामला देखने को मिला है कौशांबी में, जहां एक महिला को उसके पति ने फोन पर ही तलाक दे डाला।
35 वर्षीय रोजी बेगम को चार दिन पहले उनके शौहर मोहम्मद सोहराब (असलम) ने फोन पर तीन तलाक देकर अपनी 17 साल की शादी को खत्म कर दिया। रोजी अब प्रधानमंत्री से मदद की गुहार लगा रही हैं। रोजी का कहना है कि उसका पति तीनों बच्चों सुहैल (13), आदिल (11) और अख्तर (9) को भी दो महीने पहले किसी अनजान जगह पर ले जा चुका है।
रोजी ने बताया कि उसका पति पिछले तीन सालों से उस पर यातनाएं कर रहा है। उसे असलम से कोई वित्तीय सहायता नहीं मिली और घरेलू सहायता के तौर पर काम करके वह अपने बच्चों को पाल रही थी। उसने यह भी आरोप लगाया कि पति उसे जिस्मफरोशी के व्यापार में धक्का देना चाहता था। रोजी ने कहा कि उसने मंझहान पुलिस से संपर्क किया लेकिन उन्होंने उसके पति के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की।
रोजी ने अपने बच्चों के भविष्य के खातिर चुप्पी साधनी बेहतर समझी और पति के बच्चों को ले जाने पर भी उसने कुछ न बोला। बच्चों को ले जाने के कुछ दिन बाद से उसे एक अनजान नंबर से फोन आने शुरू हुए। एक ऐसा ही कॉल रविवार को भी आया। ये कॉल उसके शौहर का था जिसने सिर्फ तीन शब्दों में अपनी 17 साल की शादी को खत्म कर दिया।
कौशांबी के एसपी प्रदीप गुप्ता ने मामले को संज्ञान में लेकर मंझहान पुलिस को जांच के आदेश दिए हैं।