केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि न्याय तक सभी की पहुंच सुनिश्चित करने और हर स्तर पर प्रभावी, जवाबदेह एवं समावेशी संस्थान बनाने की जरूरत है। वह यहां रविवार को ‘रूल ऑफ लॉ फॉर सपोर्टिंग द 2030 नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल’ के समापन समारोह में बोल रहे थे।
गृहमंत्री ने कहा कि वैश्विक समुदाय के लिए यह महत्वपूर्ण है कि हर तरह की हिंसा में कमी हो और कानून का शासन स्थापित करना न केवल राष्ट्रीय बल्कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी जरूरी है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि पर्यावरण न्याय और कानून के शासन के लिए सभी संबंधित पक्ष अपनी आवाज बुलंद करेंगे, जो कि सतत विकास के लिए जरूरी है। उन्होंने कहा कि आप जानते हैं कि पिछले साल सितंबर में संयुक्त राष्ट्र ने 2030 एजेंडा और सतत विकास लक्ष्य (एसडीजीज) को मंजूर किया है, अन्याय और अभाव से मुक्त दुनिया के लक्ष्य को हमें पहचानने की जरूरत है।
गृह मंत्री ने कहा कि सतत विकास के लिए शांति और सौहार्द आवश्यक है और बिना भूख, गरीबी, अभाव और लैंगिक असमानता के दुनिया की कल्पना असंभव है।