राहुल गांधी की नागरिकता को लेकर भाजपा नेता सुब्रमण्यम स्वामी ने सवाल उठाए हैं। जिसके बाद गृह मंत्रालय ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल को नोटिस भेजा है। इस मामले को लेकर भाजपा ने गांधी से सवाल पूछे हैं। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता संबित पात्रा ने पूछा है कि कौन सा राहुल सच्चा है। राहुल लंदन वाले या लुटियंस वाले?
भाजपा का आरोप है कि राहुल का नाम बैकऑप्स लिमिटेड के निदेशक के तौर पर दर्ज था। जिस समय कंपनी की स्थापना हुई तब राहुल ब्रिटिश नागरिक थे और जब कंपनी बंद हुई उस समय भी वह ब्रिटिश नागरिक ही थे। 17 फरवरी, 2009 को कंपनी की अर्जी में राहुल की नागरिकता ब्रिटिश बताई गई है।
भाजपा ने तंज कसते हुए कांग्रेस अध्यक्ष से पूछा है कि आखिर कौन से वाले राहुल सच्चे हैं- लंदन वाले राहुल या लुटियंस वाले। लंदन जहां ब्रिटेन की राजधानी है वहीं लुटियंस जो उस जगह को कहते हैं जहां सांसद होने की वजह से नेताओं को सरकारी आवास मुहैया कराया जाता है।
पात्रा ने राहुल को रहस्यमयी व्यक्ति बताया। उन्होंने पूछा कि राहुल के पदचिह्न कहां जा रहे हैं। उन्होंने कांग्रेस अध्यक्ष की तुलना हिम मानव से की। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि राहुल को कम से कम सामने आकर अपनी पार्टी के कार्यकर्ताओं को बताना चाहिए कि वह भारतीय नागरिक हैं।
क्या है पूरा विवाद
भाजपा के वरिष्ठ नेता और सांसद सुब्रमण्यम स्वामी ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के ब्रिटिश नागरिक होने का दावा किया है। उनकी शिकायत पर गृह मंत्रालय ने उन्हें नोटिस भेजा है। जिसपर उन्हें 15 दिनों के अंदर जवाब देने के लिए कहा गया है। इसे लेकर स्वामी ने ट्वीट भी किया है।
दो बार शिकायत
स्वामी ने राहुल की नागरिकता को लेकर सबसे पहले 21 सितंबर 2017 को शिकायत की थी। इसके बाद उन्होंने 29 अप्रैल 2019 को दोबारा पत्र लिखा। पत्र में स्वामी ने राहुल के ब्रिटिश नागरिक होने का दावा किया है।
कांग्रेस ने राहुल को बताया जन्मजात भारतीय
कांग्रेस ने भाजपा नेता के आरोपों का खंडन किया है। कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा, '‘पूरी दुनिया जानती है कि राहुल जन्मजात भारतीय नागरिक हैं। मोदी जी के पास बेरोजगारी, कृषि संकट और कालेधन के मुद्दों पर कोई जवाब नहीं है। ऐसे में वह ध्यान भटकाने के लिए अपनी सरकार के माध्यम से फर्जी विमर्श गढ़ रहे हैं।’