अजित बोले- मंत्रिमंडल में शामिल करने का फैसला उद्धव करेंगे
78 घंटे के लिए भाजपा के साथ मिलकर बनाई सरकार में उपमुख्यमंत्री रहे अजित पवार ने कहा है कि वह हमेशा एनसीपी में थे और एनसीपी में ही रहेंगे। वापसी के बाद उन्होंने बुधवार को कहा है कि वह पार्टी द्वारा दी जाने वाली हर जिम्मेदारी को निभाने के लिए तैयार हैं। किसी से नाराज भी नहीं हैं। अजित के अनुसार, उन्हें मंत्रिमंडल में शामिल करने या न करने का फैसला मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के हाथ में है।
23 से 26 नवंबर तक उनके भाजपा के साथ जाने और वापस एनसीपी में आने के घटनाक्रम पर उन्होंने कहा, ‘फिलहाल मुझे कुछ नहीं कहना है। समय आने पर सब कहूंगा। मैंने पहले ही कहा था कि पार्टी नहीं छोड़ी है। मेरे लिए राजनीति और परिवार अलग-अलग हैं। मैं किसी से भी नाखुश नहीं हूं। मेरी पार्टी जो जिम्मेदारी देगी, उसे स्वीकार करूंगा।
विभागों के बंटवारे पर दो दिन में फैसला
महाराष्ट्र कांग्रेस के अध्यक्ष बालासाहेब थोराट ने कहा कि अगली सरकार में शिवसेना, एनसीपी और कांग्रेस के बीच विभागों के बंटवारे को लेकर अगले दो दिनों में फैसला हो जाएगा।
फडणवीस बोले, समय आने पर सब बताऊंगा
अजित पवार पर विश्वास करके 78 घंटे की सरकार बनाने वाले महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा है कि वह सही समय आने पर सही बातें सबके सामने रखेंगे। शपथग्रहण समारोह में पहुंचे फडणवीस से मीडिया ने पूछा था कि क्या वह एनसीपी और अजित पवार से नाराज हैं।