उद्धव ने पीएम मोदी को दिया न्योता
शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे ने बुधवार को प्रधानमंत्री मोदी से फोन पर बात कर शपथ ग्रहण में आने का न्योता दिया। पीएम मोदी ने इस दौरान उद्धव को बधाई दी। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि पीएम आएंगे या नहीं। दूसरी ओर, कांग्रेस की कार्यकारी अध्यक्ष सोनिया गांधी और मनमोहन सिंह को निमंत्रित करने के लिए खुद आदित्य ठाकरे बुधवार रात दिल्ली पहुंचे।
राज ठाकरे को भी न्योता, मिल सकता है मंत्री पद
उद्धव ठाकरे के चचेरे भाई और राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी राज ठाकरे और उनके परिवार को भी गुरुवार को होने जा रहे मुख्यमंत्री के शपथ ग्रहण समारोह का न्योता भेजा गया है। राजनीतिक रूप से अलग-अलग होने के बावजूद उद्धव और राज के परिवार समय-समय पर एक-दूसरे के साथ खड़े नजर आते हैं। उल्लेखनीय है कि राज ने विधानसभा चुनाव में वर्ली में अपने भतीजे आदित्य ठाकरे के विरुद्ध अपनी पार्टी का उम्मीदवार नहीं उतारा था। खबर है कि राज की पार्टी महाराष्ट्र नवनिर्माण सेना की तरफ से विधानसभा चुनाव में जीतने वाले राजू पाटिल को एनसीपी अपने कोटे से मंत्री पद दे सकती है। विधानसभा चुनावों में राज ठाकरे ने कई जगहों पर एनसीपी की मदद की थी। उनकी पार्टी के लोगों ने एनसीपी के पक्ष में प्रचार किया था।
मंत्री पद की दौड़ में
- शिवसेना: एकनाथ शिंदे, दिवाकर राउते, सुभाष देसाई, अब्दुल सत्तार, रामदास कदम, तानाजी सावंत, दीपक केसरकर, गुलाब राव पाटिल
- एनसीपी: धनंजय मुंडे, जितेंद्र अव्हाड, जयंत पाटिल, छगन भुजबल, हसन मुश्रीफ, अनिल देशमुख, दिलीप वलसे-पाटिल, मकरंद पाटिल, राजेश टोपे
- कांग्रेस: अशोक चव्हाण, पृथ्वीराज चव्हाण, बाला साहेब थोराट, विजट वडेट्टीवार, के.सी. पड़वी, विश्वजीत कदम, यशोमती ठाकुर, सतेज पाटिल, सुनील केदार
अजित दादा को बड़ा काम करने पर बड़ी जिम्मेदारी- राउत
अजित पवार को उद्धव ठाकरे की सरकार में क्या जिम्मेदारी मिलेगी, इस पर सबकी नजर है। मगर शिवसेना नेता संजय राउत ने कहा कि अजित दादा कितना बड़ा काम करके आए हैं, यह सभी ने देखा है। इसलिए बड़ा काम करने पर उन्हें जिम्मेदारी भी बड़ी ही दी जाएगी।
फडणवीस के खिलाफ भाजपा में उठी आवाज
महाराष्ट्र में सरकार गठन में नाकाम रहने के बाद भाजपा के भीतर अब पूर्व सीएम देवेंद्र फडणवीस के खिलाफ आवाज उठने लगी है। महाराष्ट्र भाजपा के दिग्गज नेता एकनाथ खड़से ने फडणवीस पर वरिष्ठ नेताओं की अनदेखी करने के साथ ही अजित पवार से समर्थन लेने पर भी सवाल उठाया। खड़से ने कहा कि अगर वरिष्ठ नेताओं को साथ लेकर चुनाव लड़ा जाता तो भाजपा ज्यादा सीटें जीतती और यह दिन देखना नहीं पड़ता।
सीएम पद का लालच देना खरीद फरोख्त: शाह
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने महाराष्ट्र में सरकार गठन को लेकर कहा कि 100 सीटों वाला गठबंधन 56 सीट वाली पार्टी को मुख्यमंत्री पद दे रहा है ये खरीद-फरोख्त नहीं तो और क्या है? शाह ने कहा कि मैं शरद पवार और सोनिया गांधी से कहना चाहता हूं कि वे एक बार ये बोलकर देखें कि मुख्यमंत्री उनका होगा और फिर शिवसेना का समर्थन लेकर दिखाएं। अजित पवार के समर्थन देने के सवाल पर शाह ने कहा कि जब पहली बार सरकार बनाने में असमर्थता जताई तो उस पत्र पर भी अजित पवार के ही हस्ताक्षर थे। हमें जो समर्थन पत्र मिला, उस पर भी अजित पवार के ही हस्ताक्षर थे।
बॉम्बे हाईकोर्ट ने जताई चिंता
शिवाजी पार्क में शपथ ग्रहण समारोह में बॉम्बे हाईकोर्ट ने चिंता प्रकट की है। कोर्ट ने मैदान में सार्वजनिक कार्यक्रमों के आयोजन के खिलाफ दायर याचिका पर सुनवाई करते हुए कहा कि सरकार और प्रशासन को सुरक्षा का खयाल करते हुए सार्वजनिक मैदानों पर इस तरह के कार्यक्रम आयोजित कराने का नियमित सिलसिला नहीं होना चाहिए, नहीं तो हर कोई ऐसे कार्यक्रम के लिए मैदान का ही इस्तेमाल करना चाहेगा।