विदेश मंत्री सुषमा स्वराज के प्रयास से फिर एक मां का दर्द कम हुआ है। विदेश में बसे एक भारतीय को विदेश मंत्रालय की तरफ से मदद पहुंचाई गई। एक मां जो अपने बेटे की लाश के साथ कुआलालंपुर अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर अचानक फंस गई थी सुषमा स्वराज के प्रयास से अब वो अपने बेटे के शव को वो भारत ला सकेगी।
ऑस्ट्रेलिया से भारत आ रही महिला के साथ उसका बेटा भी हवाई सफर कर रहा था। लेकिन कुआलालंपुर हवाई अड्डे पर अचानक उसकी मौत हो गई। इसके बाद मां इस दुखद परिस्थिति में फंस गई। तभी एक नेटिजेन ने ट्वीट के जरिए इसकी जानकारी विदेश मंत्री सुषमा स्वराज को दी। इस मामले को गंभीरता से लेते हुए सुषमा स्वराज ने तुरंत कार्रवाई की और अब मां अपने बेटे के शव को भारत ला सकेगी।
ट्वीट पर एक्शन लेते हुए सुषमा स्वराज ने तुरंत कुआलालंपुर में
भारतीय उच्चायोग को मदद की बात कही, सुषमा स्वराज ने कहा कि शव को सरकार के खर्च पर भारत लाया जाएगा। मामले पर सुषमा स्वराज ने बाद में ट्वीट भी किया और लिखा कि ‘भारतीय उच्चायोग के अधिकारी मां और उसके बेटे के शव के साथ मलेशिया से चेन्नई आ रहे हैं। पीड़ित परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं।’’
इससे पहले भी विदेश में बसे भारतीयों के प्रति सुषमा स्वराज के साकारात्मक प्रयास देखे जा चुके हैं, हाल ही में नाइजीरियाई अधिकारियों की हिरासत में फंसे चार भारतीयों को विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने छुड़ा लिया था। इसके बाद भारतीय उच्चायुक्त की मदद से सभी की रिहाई की खबर भी दी थी। बता दें कि नाइजीरियाई अधिकारियों की हिरासत में फंसे इन चार भारतीयों में से दो ने सुषमा स्वराज को मदद के लिए ट्वीट किया था।