विदेश मंत्री सुषमा स्वराज और रक्षा मंत्री निर्मला सीतारमण की जोड़ी 6 जुलाई को अमेरिका पहुंचेगी, जहां वो पहली भारत-अमेरिका ‘2+2’ वार्ता में हिस्सा लेंगी। इस वार्ता में दोनों देशों के बीच रणनीतिक सहयोग बढ़ाने और रक्षा समझौतों पर ध्यान केंद्रित करने की संभावना है।
विदेश मंत्रालय की तरफ से जारी बयान में बताया गया कि इस वार्ता के दौरान दोनों पक्ष रणनीतिक व सुरक्षा समझौतों को मजबूती देने के अलावा समान रूचि वाले द्विपक्षीय, क्षेत्रीय और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा करेंगे।
स्वराज और सीतारमण के साथ 6 जुलाई को होने वाली इस वार्ता में अमेरिका की तरफ से विदेश मंत्री (सेक्रेटरी ऑफ स्टेट) माइकल पोम्पियो और रक्षा मंत्री (सेक्रेटरी ऑफ डिफेंस) जेम्स एन. माटिस हिस्सेदारी करेंगे। मंत्रालय ने आगे बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जून 2017 में वाशिंगटन यात्रा के दौरान दोनों पक्षों ने वार्ता के इस नए प्रारूप पर सहमति जताई थी।
इससे पहले ‘2+2’ वार्ता इसी साल माइकल पोम्पियो के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का नया विदेश मंत्री बनाए जाने पर अनिश्चितता की स्थिति होने के कारण स्थगित कर दी गई थी। पोम्पियो बाद में विदेश मंत्री के तौर पर अप्रैल में नियुक्त किए गए थे।