बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की मौत से संबंधित 'आत्महत्या के लिए उकसाने' के मामले की जांच के लिए मुंबई पहुंची बिहार पुलिस ने अब तक छह लोगों के बयान दर्ज किए हैं। एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी। बिहार पुलिस की चार सदस्यीय टीम राजपूत की दोस्त अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती और अन्य के खिलाफ पटना में दर्ज आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले की जांच के लिए बुधवार को मुंबई पहुंची थी। आज बिहार पुलिस ने फिल्म निर्देशक रूमी जाफरी से भी पूछताछ की। अब तक का अपडेट-
अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती से फिलहाल पूछताछ नहीं करेगी पर नजर बनाए रखेगी बिहार पुलिस
बिहार पुलिस सुशांत सिंह राजपूत की मौत के मामले में अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती से पूछताछ नहीं करेगी। मामले की जांच करने मुंबई पहुंची बिहार पुलिस टीम के इंस्पेक्टर मनोरंजन भारती ने शनिवार को बताया, फिलहाल रिया से पूछताछ करने की जरूरत नहीं है। हालांकि हम उन पर पूरी नजर बनाए रखेंगे। हमने सीआरपीसी की धाराओं के तहत नोटिस भेजा है।
वहीं, मुंबई पुलिस के सहयोग नहीं करने के सवाल पर भारती ने कहा, मुंबई पुलिस हमारे साथ सहयोग कर रही है और जांच में भी मदद कर रही है। सुशांत के पिता ने रिया चक्रवर्ती के खिलाफ पटना में एफआईआर दर्ज कराई थी, जिसके बाद बिहार पुलिस की टीम मुंबई पहुंची है। बिहार पुलिस जल्द ही सुशांत के स्टाफ से भी पूछताछ कर बयान दर्ज करेगी। बिहार पुलिस ने सुशांत के विभिन्न बैंक खातों की जानकारी जुटाई है। साथ ही बैंक जाकर वित्तीय लेनदेन के बारे में भी पता किया है।
नीतीश कुमार बोले- सुशांत के पिता सीबीआई जांच की मांग करेंगे तो हमारी सरकार करेगी सिफारिश
बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने एक न्यूज चैनल से फोन पर हुई बातचीत में कहा कि हमारी सरकार इस मामले को गंभीरता से देख रही है। सुशांत के पिता के.के सिंह ने पटना के राजीवनगर थाने में मुकदमा दर्ज कराया है और हमारी पुलिस मुबंई पहुंच कर जांच में लग गई है। उन्होंने कहा कि अगर सुशांत के पिता सीबीआई जांच की मांग करते हैं तो फिर राज्य सरकार इस पर सुझाव देते हुए सीबीआई जांच की सिफारिश कर सकती है।
वहीं इससे पहले बिहार के एक मंत्री ने शनिवार को कहा था कि अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत का परिवार अगर सीबीआई जांच की मांग करता है तो मुख्यमंत्री नीतीश कुमार उसपर जरूर गौर करेंगे। जल संसाधन मंत्री और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के विश्वासपात्र संजय कुमार झा ने कहा कि मुख्यमंत्री और उनकी सरकार अभिनेता के परिवार को न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है और इस दिशा में वह हर संभव कदम उठाएगी।
डीजीपी ने कहा, बिहार पुलिस जांच करने में सक्षम
बिहार के डीजीपी गुप्तेश्वर सिंह ने कहा, अगर सुशांत के पिता चाहते हैं तो वह सीबीआई जांच की मांग कर सकते हैं। लेकिन हम सीबीआई जांच की मांग नहीं करेंगे क्योंकि बिहार पुलिस मामले की जांच करने में सक्षम है।
निर्देशक रूमी जाफरी से पूछताछ
बिहार पुलिस की टीम मुंबई में फिल्म निर्देशक रूमी जाफरी के घर पहुंची और उनसे सुशांत मौत केस में पूछताछ की।
छह लोगों के बयान दर्ज
जांच अधिकारी ने बताया कि अब तक बिहार की पुलिस की टीम ने दिवंगत अभिनेता के दोस्तों, सहयोगियों और रिश्तेदारों से मुलाकात की है। उन्होंने वर्सोवा में रहने वाली राजपूत की बहन, पूर्व गर्लफ्रेंड अंकिता लोखंडे, एक रसोइए, उनके दोस्तों और सहकर्मियों सहित छह लोगों के बयान दर्ज किए हैं।
उन्होंने कहा कि यह टीम राजपूत के कर्मचारियों से भी पूछताछ कर सकती है। उन्होंने राजपूत के विभिन्न बैंक खातों के बारे में जानकारी एकत्र की और वित्तीय लेनदेन की जानकारी लेने के लिए बैंक भी गए।
मंत्री ने कहा- सीबीआई जांच पर गौर करेंगे सीएम नीतीश
बिहार के एक मंत्री ने शनिवार को कहा कि अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत का परिवार अगर सीबीआई जांच की मांग करता है तो मुख्यमंत्री नीतीश कुमार उसपर जरूर गौर करेंगे। जल संसाधन मंत्री और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के विश्वासपात्र संजय कुमार झा ने कहा कि मुख्यमंत्री और उनकी सरकार अभिनेता के परिवार को न्याय दिलाने के लिए प्रतिबद्ध है और इस दिशा में वह हर संभव कदम उठाएगी।
जद(यू) के वरिष्ठ नेता ने मुंबई पुलिस पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उसने अभिनेता की मृत्यु के मामले की उचित तरीके से जांच नहीं की और जांच के नाम पर सिर्फ इवेंट मैनेजमेंट और फोटा खिंचवाने में व्यस्त रही।
रिया के खिलाफ दर्ज है एफआईआर
गौरतलब है कि राजपूत के पिता के के सिंह (74) ने रिया चक्रवर्ती और उसके परिवार के सदस्यों सहित छह अन्य लोगों के खिलाफ उनके बेटे को आत्महत्या के लिए उकसाने को लेकर पुलिस में मंगलवार को शिकायत दर्ज कराई थी। सिंह ने आरोप लगाया कि उभरती हुई फिल्म अभिनेत्री रिया ने अपना करियर आगे बढ़ाने के लिए मई 2019 में उनके बेटे से दोस्ती कर ली थी।