बॉलीवुड अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती और बिहार सरकार ने अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत मौत मामले में पटना में दर्ज प्राथमिकी मुंबई स्थानांतरित करने के लिए दायर रिया की याचिका पर गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट में लिखित जवाब दाखिल किए। पटना में दर्ज कराई गई प्राथमिकी में राजपूत के पिता ने रिया और उसके परिवार के सदस्यों सहित छह अन्य लोगों के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए हैं।
सुशांत सिंह राजपूत के पिता ने शीर्ष अदालत से अनुरोध किया कि उनके बेटे की कथित आत्महत्या के मामले की जांच सीबीाई को सौंपे जाने की पुष्टि की जाए और मुंबई पुलिस को सीबीआई को हर तरह की सहायता देने का निर्देश दिया जाए। राजपूत के पिता कृष्ण किशोर सिंह ने शीर्ष अदालत में दाखिल अपने लिखित अभिवेदन में आरोप लगाया है कि मुंबई पुलिस इस मामले की सही तरीके से जांच नहीं कर रही है।
राजपूत के पिता ने अपने लिखित अभिवेदन में अनेक फैसलों का हवाला देते हुए कहा है कि इस न्यायालय के न्याय के हित मे होगा कि सीबीआई को मामले की जांच सौंपने की पुष्टि की जाए और मुंबई में महाराष्ट्र पुलिस को इस मामले में सीबीआई को हर तरह से सहयोग करने का निर्देश दिया जाए। इस अभिवेदन को वरिष्ठ अधिवक्ता विकास सिंह ने अंतिम रूप दिया है।
इसमें आगे कहा गया है कि शिकायतकर्ता का दृढ़ मत है कि मुंबई पुलिस ठीक से इसकी जांच नहीं कर रही है और लगातार तफ्तीश कार्यवाही ही कर रही है जबकि दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 174 में स्पष्ट है कि मौत के कारण का निर्धारण करने के लिए तफ्तीश रिपोर्ट तत्काल तैयार की जानी चाहिए और यह भी तैयार करना चाहिए कि क्या इसकी वजह संदिग्ध परिस्थितयां हैं या नहीं।