बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत आत्महत्या मामले में उच्चतम न्यायालय से हरी झंडी मिलने के बाद सीबीआई ने अपनी जांच शुरू कर दी है। सीबीआई की 16 सदस्यीय टीम मामले की जांच में जुट गई है। प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के बाद रिया पर भी सीबीआई का शिकंजा कस सकता है। वे इस मामले में मुख्य आरोपी हैं। मुंबई पुलिस ने सीबीआई को सुशांत मामले से जुड़े सभी दस्तावेज सौंप दिए हैं।
सौंपे गए दस्तावेजों में 56 लोगों के दर्ज किए गए बयान, फॉरेंसिक रिपोर्ट, घटना की पंचनामा रिपोर्ट, ऑटोप्सी रिपोर्ट, सुशांत के तीन मोबाइल, लैपटॉप, फांसी में इस्तेमाल हुआ हरा कपड़ा, सुशांत के शव पर मौजूद कपड़े, मोबाइल की सीडीआर एनालिसिस, बांद्रा पुलिस की केस डायरी, सुशांत के बेड पर रखे कंबल, बेडशीट, कप जिसमें जूस पिया, प्लेट, सीसीटीवी डीवीआर और कैमरा, स्पॉट की फॉरेंसिक रिपोर्ट, 13-14 जून की बिल्डिंग की सीसीटीवी फुटेज शामिल हैं।
सीबीआई की टीम आज बांद्र पुलिस स्टेशन भी पहुंची और जरूरी जानकारियां हासिल की।
आज दो पुलिस अधिकारियों ने सुशांत सिंह राजपूत के मकान का दौरा किया
सीबीआई को मिली सीसीटीवी फुटेज
सीबीआई को सुशांत के घर की सीसीटीवी फुटेज मिल गई है। उनके हाउस मैनेजर सैमुअल मिरांडा से भी सीबीआई पूछताछ शुरू हो गई है। इस फुटेज को फॉरेंसिक टीम के पास भेजा जाएगा जो यह पता लगाने की कोशिश करेगी कि कहीं इस फुटेज के साथ कोई छेड़छाड़ तो नहीं की गई है।
डीसीपी कार्यालय से बांद्रा पुलिस स्टेशन पहुंची सीबीआई टीम
सुशांत सिंह राजपूत मामले की जांच कर रही सीबीआई की टीम, डीसीपी जोन 9 अभिषेक त्रिमुखे के कार्यालय से बांद्रा पुलिस स्टेशन पहुंची है। पुलिस स्टेशन से कुछ दस्तावेज भी लाए जा रहे हैं।
अज्ञात शख्स को गेस्टहाउस लेकर पहुंची सीबीआई टीम
सीबीआई की टीम सुशांत सिंह राजपूत मामले से संबंधित एक अज्ञात व्यक्ति को गेस्टहाउस लेकर आई है, जहां वे ठहरे हुए हैं। व्यक्ति को पूछताछ के लिए लाया गया है।
सुशांत के रसोइये नीरज से पूछताछ शुरू
सूत्रों के अनुसार सीबीआई ने सुशांत सिंह के रसोइये नीरज से पूछताछ की है। नीरज ने बताया था कि अभिनेता के आत्महत्या वाले दिन उन्होंने उन्हें जूस दिया था। नीरज से बिहार और मुंबई पुलिस पूछताछ कर चुकी है। उन्होंने ही अभिनेता द्वारा दरवाजा न खोलने की बात कही थी।
यह भी पढ़ें- सुशांत केस : मुंबई पहुंची सीबीआई टीम, पुलिस कमिश्नर ने कहा- करेंगे पूरा सहयोग
बांद्रा पुलिस स्टेशन पहुंची सीबीआई टीम
सीबीआई की टीम आगे की जांच के लिए बांद्रा पुलिस स्टेशन पहुंच गई है।