दक्षिण अमेरिकी देश सूरीनाम के राष्ट्रपति चंद्रिकाप्रसाद संतोखी सात दिवसीय भारत दौरे पर बीती रात नई दिल्ली पहुंचे। केंद्र सरकार के अधिकारियों ने इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर उनका स्वागत किया। संतोखी सात जनवरी से 14 जनवरी तक भारत की यात्रा पर हैं। वह मध्य प्रदेश के इंदौर में प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन 2023 में विशिष्ट अतिथि होंगे।
चंद्रिकाप्रसाद संतोखी शनिवार को गुजरात के जामनगर आएंगे। विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को एक बयान में कहा कि जामनगर के दौरे के बाद वह इंदौर जाएंगे। अपनी यात्रा के दौरान संतोखी आठ जनवरी को विदेश मंत्री डॉ. एस जयशंकर के साथ बैठक करेंगे।
संतोखी नौ जनवरी को इंदौर में 17वें प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन 2023 के उद्घाटन सत्र में भाग लेंगे। साथ ही वह प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन 2023 को संबोधित करेंगे। इसके अलावा, वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ भी द्विपक्षीय वार्ता करेंगे। चंद्रिकाप्रसाद संतोखी 10 जनवरी को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से भी मुलाकात करेंगे।
तय कार्यक्रम के मुताबिक, संतोखी सम्मेलन के समापन सत्र और प्रवासी भारतीय सम्मान पुरस्कार समारोह में भी भाग लेंगे। वह 11 जनवरी को इंदौर में एक अन्य कार्यक्रम में शामिल होंगे। 12 जनवरी को वह विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होने के लिए अहमदाबाद जाएंगे। वह 13 जनवरी को नई दिल्ली लौटेंगे और विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेंगे। वह 14 जनवरी को भारत से रवाना होंगे।
8-10 जनवरी तक चलेगा प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन
प्रधानमंत्री कार्यालय ने एक बयान में कहा कि 17वां प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन इंदौर में 8-10 जनवरी तक आयोजित किया जाएगा। इस साल सम्मेलन का विषय है- प्रवासी: अमृत काल में भारत की प्रगति में विश्वसनीय भागीदार। बयान के मुताबिक, लगभग 70 देशों के 3,500 से अधिक प्रवासी भारतीयों ने सम्मेलन के लिए पंजीकरण कराया है।
प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन का उद्देश्य
प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन भारत सरकार का एक प्रमुख कार्यक्रम है। यह विदेश में रहने वाले भारतीयों के साथ जुड़ने और सम्पर्क स्थापित करने तथा प्रवासी भारतीयों को एक-दूसरे के साथ बातचीत करने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच प्रदान करता है। 17वां प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन महत्वपूर्ण है, क्योंकि इसे चार साल के अंतराल के बाद और कोविड-19 महामारी की शुरुआत के बाद पहली बार वास्तविक कार्यक्रम के रूप में आयोजित किया जा रहा है। महामारी के दौरान 2021 में अंतिम प्रवासी भारतीय दिवस सम्मेलन वर्चुअली आयोजित किया गया था।