गुजरात में पहले चरण का मतदान जारी है। इस दौरान नेताओं का अलग रंग भी देखने को मिल रहा है। कोई नेता साइकिल से सिलेंडर लेकर बूथ तक पहुंच रहा है तो कोई पगरी पहनकर वोट डालने पहुंचा है। लेकिन इन सबमें सबसे खास रहा सूरत की महापौर हेमाली बोघावाला का अंदाज जो कि सड़क पर किसी दबंग महिला की तरह तेज रफ्तार में साइकिल चलाकर बूथ तक पहुंची और मतदान किया। इस दौैरान उन्होंने मीडिया को संबोधित करते हुए गुजरात के सभी नागरिकों से वोट करने की अपील की।
पर्यावरण को लेकर दिया संदेश
सूरत की मेयर हेमाली बोघावाला ने इस दौरान कहा कि पर्यावरण में प्रदूषण को कम करना हमारा कर्तव्य है। मतदान कर भी लोकतंत्र को मजबूत करना सबका कर्तव्य है। इसलिए, मैंने साइकिल चलाकर एक अनोखा संदेश देने की कोशिश की है। मैंने साइकिल चलाकर यह संदेश दिया है कि हर पुरुष और महिला को मतदान करना चाहिए।
यहां देखें VIDEO...
कांग्रेस उम्मीदवार परेश धनानी साइकिल पर सिलेंडर लेकर वोट डालने पहुंचे
बता दें कि इससे पहले अमरेली से कांग्रेस उम्मीदवार परेश धनानी का एक अलग ही अंदाज देखने को मिला। दरअसल, वे साइकिल पर गैस सिलेंडर लेकर वोट डालने के लिए घर से बूथ तक पहुंचे और फिर मतदान किया। गैस सिलेंडर के बढ़े दामों को लेकर जनता को जागरूक करने के लिए उन्होंने यह अलग तरीका अपनाया। उन्होंने कहा कि बीते 27 साल में भारतीय जनता पार्टी ने भय और स्वार्थ की दीवार के बीच राज्य को गुलाम बनाने की साजिश की है। सरकारी विफलताओं के कारण गुजरात में मंदी,महंगाई, बेरोजगारी प्रतिदिन बढ़ती जा रही है। इन समस्याओं से मुक्ति पाने के लिए मैंने आज मतदान किया है और मुझे भरोसा है कि पूरा गुजरात भी वोट करेगा तथा सत्ता परिवर्तन होगा। कांग्रेस आएगी और फिर से खुशहाली छाएगी।