एनसीपी-एसपी की लोकसभा सांसद सुप्रिया सुले ने इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों पर भरोसा जताते हुए विपक्षी दलों के रुख से अलग बयान दिया है। उन्होंने कहा कि वह EVM पर सवाल नहीं उठाएंगी, क्योंकि उन्हीं मशीनों के जरिए वह चार बार सांसद चुनी गई हैं।
राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) की लोकसभा सांसद सुप्रिया सुले ने इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (ईवीएम) पर सवाल उठाने वाले विपक्षी दलों के रुख से हटकर उस पर अपना विश्वास जताया है। उन्होंने साफ तौर पर कहा है कि वह इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों को दोष नहीं देंगी, क्योंकि वह उन्हीं मशीनों के माध्यम से चार बार संसद के लिए चुनी गई हैं।
विज्ञापन
पार्टियां उठाती हैं ईवीएम पर सवाल
सुप्रिया सुले एनसीपी-एसपी महाराष्ट्र में विपक्षी 'महा विकास अघाड़ी' गठबंधन का एक महत्वपूर्ण हिस्सा हैं। इसमें कांग्रेस और शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) जैसे दल भी शामिल हैं, जो अक्सर चुनाव प्रक्रिया में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन की विश्वसनीयता पर सवाल उठाया करते रहे हैं।
सुप्रिया सुले ने ईवीएम पर जताया भरोसा
बारामती निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाली चार बार की लोकसभा सदस्य सुप्रिया सुले ने लोकसभा में चुनाव सुधारों पर हुई बहस के दौरान अपनी यह बात रखी। उन्होंने साफ तौर पर कहा, 'मैं उसी मशीन से चुनी गई हूं, इसलिए मैं इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन या वोटर वैरिफाइड पेपर ऑडिट ट्रेल (वीवीपीएटी) पर सवाल नहीं उठाऊंगी।'
ईवीएम पर क्या बोलीं महिला सांसद?
उन्होंने आगे कहा, 'मैं मशीन के खिलाफ नहीं बोल रही हूं। मैं बहुत सीमित बात कह रही हूं, और भारतीय जनता पार्टी से बहुत उम्मीदें हैं, जिसे महाराष्ट्र में इतना बड़ा जनादेश मिला है।' इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन के विरोध में हो रही बहस के बीच सुले का यह बयान काफी मायने रखता है।
सुप्रिया सुले के सीधे तौर पर मशीन की विश्वसनीयता पर संदेह करने से इनकार करने की बात सामने आने के बाद राजनीतिक गलियारों में एक नई चर्चा छेड़ दी है। क्योंकि, वह उस गठबंधन का हिस्सा हैं, जो अक्सर इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन पर सवाल उठाता रहा है।