सीएम ने इस्तीफा स्वीकार कर राज्यपाल के पास भेजा
इससे पहले मंगलवार को इस्तीफे की खबर आने के बाद फडणवीस ने कहा कि मुंडे ने अपना इस्तीफा मुझे सौंप दिया है। मैंने उनका इस्तीफा मंजूर कर के आगे की कार्रवाई के लिए उसे राज्यपाल को भेज दिया है। वहीं बाद में राज्यपाल कार्यालय से जारी बयान के मुताबिक महाराष्ट्र के राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने सीएम फडणवीस की सिफारिश के बाद खाद्य और नागरिक आपूर्ति और उपभोक्ता संरक्षण मंत्री धनंजय मुंडे का इस्तीफा स्वीकार कर लिया।
नेता धनंजय मुंडे ने इस्तीफे के पीछे खराब स्वास्थ्य का हवाला दिया
इस बीच महाराष्ट्र के मंत्री पद से इस्तीफा देने के बाद एनसीपी नेता धनंजय मुंडे ने ट्वीट किया, 'मेरी पहले दिन से ही दृढ़ मांग रही है कि बीड जिले के मासाजोग में संतोष देशमुख की नृशंस हत्या के आरोपियों को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। कल जो तस्वीरें सामने आईं, उन्हें देखकर मेरा दिल बहुत दुखी हुआ। इस मामले की जांच पूरी हो चुकी है और कोर्ट में चार्जशीट दाखिल हो चुकी है। साथ ही न्यायिक जांच का भी प्रस्ताव रखा गया है। पिछले कुछ दिनों से मेरी तबीयत ठीक नहीं चल रही है। इसे देखते हुए डॉक्टरों ने मुझे अगले कुछ दिनों तक इलाज कराने की सलाह दी है। इसलिए चिकित्सा कारणों से भी मैंने कैबिनेट में अपने मंत्री पद से इस्तीफा मुख्यमंत्री को सौंप दिया है।'
क्या है मामला?
बीड के मासाजोग गांव के सरपंच संतोष देशमुख को पिछले साल नौ दिसंबर को कथित तौर पर जिले में एक ऊर्जा कंपनी को निशाना बनाकर की जा रही जबरन वसूली के प्रयास को रोकने की कोशिश करने पर अगवा कर लिया गया था। उन्हें प्रताड़ित भी किया गया था और बाद में उनकी हत्या कर दी गई थी।
27 फरवरी को 1,200 से अधिक पन्नों का आरोपपत्र दाखिल
राज्य अपराध अन्वेषण विभाग (सीआईडी) ने 27 फरवरी को देशमुख की हत्या और दो संबंधित मामलों में बीड जिले की एक अदालत में 1,200 से अधिक पन्नों का आरोपपत्र दाखिल किया। सरपंच की हत्या, अवाडा कंपनी से पैसे ऐंठने की कोशिश और कंपनी के सुरक्षा गार्ड पर हमला करने के तीन अलग-अलग मामले बीड के केज थाने में दर्ज किए गए हैं।
अब तक सात लोगों को गिरफ्तार किया गया
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कठोर महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) के तहत मामला दर्ज किया है। अब तक सात लोगों को गिरफ्तार किया गया है और उन पर मकोका के तहत मामला दर्ज किया गया है। एक आरोपी अब भी फरार है।
अलग हुई पहली पत्नी ने किया था दावा
इससे पहले महाराष्ट्र के मंत्री धनंजय मुंडे की अलग हुई पहली पत्नी करुणा शर्मा-मुंडे ने रविवार को बड़ा दावा किया था। उन्होंने कहा था कि वरिष्ठ नेताओं ने उनका इस्तीफा मांगा है और राज्य विधानमंडल के बजट सत्र से पहले इसकी घोषणा की जाएगी। हालांकि, इस्तीफे की बात बजट सत्र के दौरान की गई।