भाजपा के साथ मिलकर सरकार बनाने अजित पवार को तगड़ा झटका लगा है। उनके करीबी नौ विधायक फिर से एनसीपी प्रमुख शरद पवार के खेमे में लौट आए हैं। शरद की अध्यक्षता में शनिवार देर शाम हुई बैठक में 54 में से 49 विधायकों के शामिल होने की बात कही जा रही है। ऐसे में अजित के साथ मात्र चार विधायक ही बचते हैं। ऐसे में उन पर दलबदल कानून के तहत अयोग्य ठहराने की तलवार लटकने लगी है।
बारामती में लगा शरद पवार के समर्थन वाला होर्डिंग
महाराष्ट्र में एनसीपी नेता अजित पवार के भाजपा से हाथ मिलाने के बाद शनिवार को शरद पवार के समर्थन में बारामती में एक विशाल होर्डिंग लगाई गई। अजित पवार बारामती से ही विधायक हैं, उन्होंने बड़े अंतर से भाजपा उम्मीदवार को हराया था। इस होर्डिंग में बारामती नगर पालिका परिषद की इमारत के पास शरद पवार की फोटो लगी है और बड़े बड़े अक्षरों में लिखा है, हम 80 वर्षीय फाइटर के साथ हैं। हालांकि कुछ ही देर बाद अधिकारियों ने इस होर्डिंग को यह कहते हुए हटवा दिया कि इसके लिए अनुमति नहीं ली गई थी।
अजीत को मनाने की कोशिशें
इस बीच एनसीपी के दो सांसद अजीत को मनाने के लिए भी गए लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली। कहा जा रहा है कि शरद ने अजीत को इस्तीफा देकर वापस आने को कहा है। इस बीच अजीत खेमे के नौ विधायकों को चार्टर्ड विमान से गुजरात भेजा गया है।
कांग्रेस विधायकों को जयपुर ले जाने की तैयारी
एनसीपी नेता अजित पवार के भाजपा को समर्थन के बाद अब कांग्रेस अपने विधायकों को खरीद-फरोख्त से बचाने के लिए रविवार को जयपुर ले जाने की तैयारी कर रही है। कांग्रेस विधायक नाना पटोले ने बताया कि विधानसभा का विशेष सत्र बुलाए जाने तक उन्हें जयपुर भेजा जाएगा। उन्होंने कहा कि सभी कांग्रेसी विधायक साथ हैं और वे टूटेंगे नहीं। उन्होंने शनिवार को प्रदेश के इतिहास का काला दिन बताया।
शुक्रवार रात 8.30 बजे : देवेंद्र फडणवीस ने राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी से मुलाकात की और 173 विधायकों के समर्थन से सरकार बनाने का दावा पेश किया।
शुक्रवार रात 11.45 बजे : एनसीपी विधायक दल के नेता अजित पवार राज्यपाल के पास एनसीपी के 54 विधायकों की हस्ताक्षर सहित सूची लेकर पहुंचे और भाजपा को समर्थन देने का पत्र सौंपा।
शुक्रवार रात 12 बजे : राज्यपाल कोश्यारी ने केंद्र को राज्य में गठबंधन सरकार बनने के हालात और राष्ट्रपति शासन हटाने की सिफारिश भेजी।
शनिवार सुबह 5.47 बजे : राज्य में लागू राष्ट्रपति शासन हटाया गया।
शनिवार सुबह 6.00 बजे : राज्यपाल ने देवेंद्र फडणवीस को शपथ दिलाने का फैसला किया।
शनिवार सुबह 6.45 बजे : फडणवीस ने राज्यपाल से निवेदन किया कि वह मुख्यमंत्री और अजित उपमुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।
शनिवार सुबह 7.30 बजे : राज्यपाल ने फडणवीस को सीएम और अजित को उपमुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण कराई।
विधानसभा की स्थिति
| कुल सीट |
288 |
| बहुमत के लिए |
145 |
| भाजपा |
105 |
| एनसीपी |
54 |
| शिवसेना |
56 |
| कांग्रेस |
44 |
| अन्य |
29 |
सियासी उलटफेर के बीच शनिवार को शाहपुर से एनसीपी विधायक दौलत दरोड़ा की गुमशुदगी की शिकायत पुलिस में दर्ज हुई है। दौलत दक्षिण मुंबई स्थित राजभवन में सुबह हुई देवेंद्र फडणवीस और अजित पवार की शपथ ग्रहण में पहुंचे थे। उसके बाद से उनका कोई अता पता नहीं है।
पुलिस के अधिकारी ने बताया कि दरोड़ा शुक्रवार रात को अपने बेटे करण के साथ ठाणे से रवाना हुए थे। मुंबई पहुंचने के बाद से उनसे कोई संपर्क नहीं हो पाया है। पूर्व विधायक पांडुरंग बरोड़ा ने शाहपुर पुलिस में जाकर दरोड़ा के गायब होने की शिकायत दर्ज कराई। इस बीच दरोड़ा के बेटे करण सिंह ने बताया कि शनिवार सुबह से उसकी अपने पिता से कोई बात नहीं हुई है।