सुप्रीम कोर्ट गुजरात के पूर्व मंत्री हरेन पांड्या हत्या मामले में नई जांच के लिए दायर याचिका पर 11 फरवरी को सुनवाई करेगा। कुछ नए तथ्य सामने आने के बाद एक एनजीओ ने इस मामले की दोबारा जांच की गुहार लगाई है।
न्यायमूर्ति ए के सीकरी और न्यायमूर्ति एस अब्दुल नजीर की पीठ ने कहा कि इस मामले में अन्य पीठ में पहले से ही अपील पर सुनवाई चल रही है। पीठ ने कहा कि यह उचित होगा कि वही पीठ इस याचिका की भी सुनवाई करे।
इस मामले में सभी आरोपियों को गुजरात हाईकोर्ट द्वारा बरी करने के फैसले के खिलाफ सीबीआई की अपील पर न्यायमूर्ति अरुण मिश्रा की अध्यक्षता वाली पीठ ने 31 जनवरी को अपना फैसला सुरक्षित रख लिया था। याचिकाकर्ता एनजीओ सीपीआईएल के वकील प्रशांत भूषण ने कहा कि ट्रायल के बाद चार नए तथ्य सामने आए हैं, इसलिए इस मामले की दोबारा जांच होनी चाहिए।
वाहनों में काले शीशे पर पाबंदी की मांग वाली याचिका खारिज
सुप्रीम कोर्ट ने देशभर में वाहनों में काले शीशे और काली फिल्म पर पाबंदी लगाने की मांग वाली एक जनहित याचिका को खारिज कर दिया। चीफ जस्टिस रंजन गोगई की अध्यक्षता वाली तीन सदस्यीय पीठ ने याचिका में मेरिट का अभाव बताते हुए इसे खारिज कर दिया।