सुप्रीम कोर्ट ने उत्तर प्रदेश में वर्ष 2004 में
संयुक्त राज्य/उच्च अधीनस्थ सेवा के जरिये निकाली गई भर्तियों में सफल अभ्यर्थियों को राहत देते हुए उनकी नौकरी को बरकरार रखा है। हालांकि सुप्रीम कोर्ट ने मुख्य परीक्षा में आकलन के लिए इस्तेमाल होने वाली स्केलिंग प्रणाली को दोषपूर्ण और मनमाना बताया है। न्यायमूर्ति एसए बोबडे और न्यायमूर्ति एल नागेश्वर राव की पीठ ने इलाहाबाद हाईकोर्ट द्वारा मुख्य परीक्षा में इस्तेमाल होने वाले स्केलिंग प्रणाली को मनमाना बताने के फैसले को सही ठहराया है।
हालांकि सुप्रीम कोर्ट ने हाईकोर्ट के उस फैसले को पलट दिया है जिसमें कहा गया था कि सफल उम्मीदवारों की मेरिट लिस्ट दोबारा बनाई जाए। सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि सफल उम्मीदवारों की दोबारा लिस्ट बनाने पर बड़ी संख्या में पूर्व में सफल हुए लोग बाहर हो सकते है। चूंकि वह पिछले दस वर्ष से काम रहे हैं, लिहाजा उनकी नौकरी बहाल रखनी चाहिए। सुप्रीम कोर्ट ने साथ ही कहा कि इन परीक्षाओं में किसी तरह की अनियमितता का आरोप नहीं है। परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों का कोई दोष नहीं है क्योंकि उत्तर प्रदेश सेवा आयोग ने परीक्षा में स्केलिंग प्रणाली का इस्तेमाल किया था।