सीआरडब्ल्यूसी का सीब्ल्यूसी में विलय पूरा
कारोबार सुगमता को बढ़ावा देने और सार्वजनिक क्षेत्र के उपक्रमों में निजी क्षेत्र की दक्षताओं का इस्तेमाल करने की दिशा में केंद्रीय रेलसाइड भंडारण कंपनी लिमिटेड (सीआरडब्ल्यूसी) और केंद्रीय भंडारण निगम (सीडब्ल्यूसी) का विलय सोमवार को पूरा हो गया। इसके तहत सीआरडब्ल्यूसी की सभी संपत्तियां, देनदारियां, अधिकार और दायित्वों को सीडब्ल्यूसी में स्थानांतरित कर दिया गया।
केंद्रीय मंत्रिमंडल ने पिछले साल 23 जून को इस विलय को मंजूरी दी थी। केंद्रीय उपभोक्ता मामलों के मंत्रालय, खाद्य एवं जन आपूर्ति विभाग के बयान के सोमवार को जारी बयान के मुताबिक मंत्रिमंडल के फैसले के तहत सीडब्ल्यूसी एवं सीआरडब्ल्यसी के प्रबंध निदेशक अरुण कुमार श्रीवास्तव और सीडब्ल्यूसी (एमएंडसीपी) निदेशक अमित कुमार सिंह ने कारोबार हस्तांतरण करार पर दस्तखत किए थे।
आरएसपी के वरिष्ठ नेता प्रोफेसर चंद्रचूड़न नहीं रहे
रिवॉल्यूशनरी सोशलिस्ट पार्टी (आरएसपी) के वरिष्ठ नेता प्रोफेसर टीजे चंद्रचूड़न का सोमवार को एक निजी अस्पताल में निधन हो गया। 83 वर्षीय चंद्रचूड़न ने पांच दशक लंबे राजनीतिक जीवन के दौरान राज्य और राष्ट्रीय स्तर पर वाम राजनीति में अहम भूमिका निभाई। चंद्रचूड़न ने एक छात्र कार्यकर्ता के रूप में अपना राजनीतिक जीवन शुरू किया था।
भगत सिंह की भूमिका का अभ्यास कर रहे छात्र की फंदा लगने से मौत
कर्नाटक में शहीद भगत सिंह की फांसी के लिए अभ्यास करते वक्त 12 वर्षीय छात्र के गले में फंदा फंसने से उसकी मौत हो गई। पुलिस ने बताया, स्कूल के एक कार्यक्रम में प्रस्तुति देने के लिए जिस समय छात्र संजय गोड़ा रिहर्सल कर रहा था, उस समय घर पर कोई परिजन मौजूद नहीं था।
पुलिस के मुताबिक, सातवीं कक्षा के छात्र की शानिवार को हुए इस हादसे में जान चली गई। छात्र को अपने स्कूल में कन्नड़ राज्योत्स दिवस पर आयोजित किए जा रहे कार्यक्रम में भगत सिंह का किरदार निभाना था। पुलिस के मुताबिक, छात्र ने काले कपड़े से सिर ढका हुआ था, दुर्भाग्य से फंदा कड़ा हो गया।
पहली बार दो ईंधन के विकल्प में ब्रेजा
मारुति सुजुकी ब्रेजा एसयूवी को 2016 में पेश किए जाने के बाद पहली बार दो ईंधनों के विकल्प मिलेंगे। शुरू में केवल डीजल मॉडल में पेश की गई थी और फिर 2020 में इसे बंद कर पेट्रोल इंजन में पेश किया गया। मारुति इसे फैक्ट्री-फिटेड सीएनजी किट के साथ पेश करने वाली है। देश की पहली एसयूवी होगी जो फैक्ट्री-फिटेड सीएनजी किट के साथ आएगी।
एयरटेल का मुनाफा 89 फीसदी बढ़ा
एयरटेल को दूसरी तिमाही में 2,145 करोड़ रुपये का मुनाफा हुआ है जो एक साल पहले की तुलना में 89 फीसदी अधिक है। कुल राजस्व 22 फीसदी बढ़कर 34,527 करोड़ रुपये रहा है। इसकी प्रति ग्राहक कमाई 190 रुपये रही है जो इससे पहली की तिमाही में 153 रुपये थी।
केनरा बैंक ने एफडी पर बढ़ाया ब्याज
केनरा बैंक ने एफडी पर ब्याज बढ़ा दिया है। 666 दिन के जमा पर अब 7% ब्याज मिलेगा दो साल से तीन साल के जमा पर 6.25% ब्याज मिलेगा। तीन से दस साल वाले जमा पर 6.50 से 7%तक का ब्याज दिया जाएगा। वरिष्ठ नागरिकों को 0.50% अधिक ब्याज मिलेगा।
टाटा स्टील को 1,297 करोड़ का लाभ
टाटा स्टील को दूसरी तिमाही में 1,297 करोड़ रुपये का लाभ हुआ है। एक साल पहले इसी अवघि की तुलना में यह 90% कम है। कंपनी ने सोमवार को बताया कि कुल राजस्व 60,206 करोड़ रुपये रहा है जो एक साल पहले की तुलना में मामूली कम है।