करीब 45 साल से अदालतों में चल रहे एक दोहरे हत्याकांड के मामले में सुप्रीम कोर्ट ने अहम आदेश दिया है। अदालत शीर्ष ने 70 वर्षीय दोषी साइमन सोरेन की स्वास्थ्य जांच कराने को कहा है। जस्टिस जेबी पारदीवाला और जस्टिस के विनोद चंद्रन की पीठ ने गुरुवार को यह निर्देश जारी किया। सुप्रीम कोर्ट ने झारखंड के दुमका जिला अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) से एक मेडिकल टीम बनाने और जांच रिपोर्ट पेश करने को कहा है। अब इस रिपोर्ट के आने के बाद मामले की अगली सुनवाई 3 मार्च 2027 को होगी।
कहां और कैसे होगी दोषी की मेडिकल जांच?
सुप्रीम कोर्ट ने साइमन सोरेन को दुमका जिले के सरकारी अस्पताल में पेश होने का निर्देश दिया है, जिससे उनकी सेहत की जांच हो सके। इसके साथ ही कोर्ट ने दुमका के पुलिस अधीक्षक (एसपी) को भी आदेश दिया है। उनसे कहा गया है कि वे संबंधित थाने के प्रभारी के जरिए जांच की प्रक्रिया को पूरा कराने में मदद करें। बता दें कि साइमन सोरेन फिलहाल जमानत पर जेल से बाहर हैं।
बीमारी और उम्र के कारण पहले भी मिली थी जमानत
सुप्रीम कोर्ट ने इससे पहले 19 अगस्त को सोरेन की खराब सेहत को देखते हुए उनकी सजा को निलंबित कर दिया था और उन्हें जमानत दे दी थी। उस समय अदालत ने करीब आधी सदी तक चली इस कानूनी लड़ाई को न्याय व्यवस्था की विफलता बताया था। इससे पहले 2024 में झारखंड हाईकोर्ट ने सोरेन को दोषी ठहराते हुए उनकी उम्रकैद की सजा को बरकरार रखा था। उस दौरान हिरासत में रहते हुए वह अस्पताल में अपना इलाज करा रहे थे।
क्यों लगा मुकदमे में करीब आधी सदी का समय?
1981 में हुई इस हत्या की घटना में कुल छह लोगों को आरोपी बनाया गया था, लेकिन मुकदमे और अपील की प्रक्रिया में दशकों लग गए। सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने इस लंबी देरी पर गंभीर सवाल भी उठाए थे। मुकदमे में आरोप तय होने से पहले ही छह में से दो आरोपियों की मौत हो गई थी।
- आरोप तय होने के बाद निचली अदालत (ट्रायल कोर्ट) में सुनवाई पूरी होने में ही 12 साल लग गए और मामला पांच बार दूसरी अदालतों में ट्रांसफर हुआ।
- 2002 में ट्रायल कोर्ट ने दोषियों को उम्रकैद की सजा सुनाई। इसके खिलाफ हाईकोर्ट में अपील की गई, लेकिन सुनवाई लंबित रहने के दौरान चार दोषियों में से तीन की मौत हो गई।
- आखिरकार झारखंड हाईकोर्ट ने 28 अक्तूबर 2024 को अपील खारिज करते हुए उम्रकैद की सजा बरकरार रखी।
यह भी पढ़ें: यूपी में पेंशन पर सुप्रीम कोर्ट का बड़ा फैसला: दो कानून असांविधानिक घोषित; नियमित कर्मचारियों को भी राहत मिली
1981 में क्या हुआ था और किसकी हत्या हुई थी?
यह घटना 18 अक्तूबर 1981 की है। उस दिन बिभूति मंडल, बनारसी मंडल, क्षिचिर सागर मंडल और उनके भतीजे जगदीश मंडल व सत्यानारायण मंडल धान काटने के लिए दुमका के भुरुंडिया गांव गए थे। अभियोजन पक्ष के अनुसार, जब वे नदी के पास पहुंचे तो संथाल समुदाय के कुछ लोग ढोल बजाते हुए धनुष-बाण और कुल्हाड़ी लेकर वहां आ गए और मंडल परिवार के लोगों को मारने की बात कहने लगे। परिवार के सदस्यों ने जान बचाने के लिए भागने की कोशिश की, लेकिन हमलावरों ने उनका पीछा किया। आरोप के मुताबिक, जेठुन सोरेन और साइमन सोरेन ने बिभूति मंडल और बनारसी मंडल पर तीरों से हमला किया। बाद में जगदीश और सत्यानारायण ने दूर से देखा कि आरोपियों ने दोनों को काटकर मार डाला।
मामले की सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने यह भी नोट किया कि दोषी साइमन सोरेन ने अब तक कुल दो साल, चार महीने और 12 दिन ही जेल में बिताए हैं। अदालत ने अपराध की गंभीरता के साथ-साथ 45 साल तक चली लंबी कानूनी प्रक्रिया और दोषी की बुजुर्ग अवस्था व खराब सेहत को भी ध्यान में रखा है।