आय से अधिक संपत्ति मामला: बीजद विधायक के खिलाफ जांच का रास्ता साफ
सुप्रीम कोर्ट ने बीजू जनता दल (बीजद) के विधायक प्रदीप कुमार पाणिग्रही के खिलाफ आय के कानूनी स्रोतों से ज्यादा संपत्ति हासिल करने की शिकायत पर ओडिशा सतर्कता विभाग द्वारा जांच का रास्ता साफ कर दिया है। जस्टिस अजय रस्तोगी और जस्टिस बेला एम त्रिवेदी की पीठ ने 3 फरवरी, 2023 के फैसले को खारिज कर दिया।
सतर्कता प्रकोष्ठ के पुलिस उपाधीक्षक रंजन कुमार दास की शिकायत पर राज्य लोकायुक्त द्वारा 11 दिसंबर, 2020 को पारित आदेश को ओडिशा हाईकोर्ट ने रद्द कर दिया था, जिसमें बीजद विधायक के खिलाफ प्रारंभिक सतर्कता (विजिलेंस) जांच का आदेश दिया गया था। राज्य के भ्रष्टाचार निरोधक लोकपाल ने सतर्कता निदेशालय (कटक) को गोपालपुर निर्वाचन क्षेत्र से विधायक पाणिग्रही के खिलाफ प्रारंभिक जांच शुरू करने और लोकायुक्त को एक रिपोर्ट सौंपने का आदेश दिया था।