सुप्रीम कोर्ट ने महाराष्ट्र पुलिस को आदेश दिया है कि मुंबई में हिंदू संगठन की ओर से होने वाले कार्यक्रम में किसी भी तरह की अभद्र भाषा का प्रयोग न किया जाए। कोर्ट ने कहा है कि यदि मुंबई पुलिस के अधिकारी पांच फरवरी को मुंबई में हिंदू जन आक्रोश मोर्चा को कार्यक्रम आयोजित करने की अनुमति देते हैं तो कोई नफरत फैलाने वाला भाषण न दिया जाए।
सुप्रीम कोर्ट ने धर्मांतरण मामले में पर शुक्रवार को केंद्र व छह राज्यों से जवाब तलब किया है। कोर्ट ने एक मुस्लिम संगठन द्वारा दायर याचिका मामले में नोटिस जारी करते हुए अटॉर्नी जनरल आर वेंकटरमणी को जवाब दाखिल करने को कहा। याचिका में अंतर-धार्मिक विवाह के कारण धर्मांतरण को विनियमित करने वाले राज्यों के कानूनों को चुनौती देने वाले 21 मामलों को शीर्ष अदालत में स्थानांतरित करने की मांग की गई है। मुस्लिम संगठन ने गुजरात उच्च न्यायालय में लंबित तीन याचिकाओं, इलाहाबाद उच्च न्यायालय में पांच, हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय में तीन, झारखंड उच्च न्यायालय में तीन, मध्य प्रदेश उच्च न्यायालय में छह और कर्नाटक उच्च न्यायालय में लंबित एक याचिका को स्थानांतरित करने की मांग की है, जिनमें संबद्ध राज्यों के कानूनों को चुनौती दी गई है।