चिंकारा शिकार मामले में फिल्म अभिनेता सलमान खान को बरी किए जाने के फैसले को राजस्थान सरकार की चुनौती वाली याचिका पर सुप्रीम कोर्ट ने सुनवाई करने का निर्णय लिया है। शीर्ष अदालत ने इस मामले में सलमान खान को नोटिस जारी किया है। न्यायमूर्ति एके सिकरी और न्यायमूर्ति आर भानुमति की पीठ ने राज्य सरकार की अपील पर सलमान को जवाब दाखिल करने के लिए कहा है। साथ ही पीठ ने कहा कि अपील पर सुनवाई तेजी से होगी।
पिछले महीने राजस्थान सरकार ने हाईकोर्ट के फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी थी। राज्य सरकार का कहना है कि हाईकोर्ट का फैसला कानूनी रूप से दोषपूर्ण है। सरकार ने राजस्थान हाईकोर्ट के फैसले पर रोक लगाने की गुहार लगाई है। सलमान खान को दोषी ठहराए जाने और पांच वर्ष कैद की सजा देने से निचली अदालत के फैसले को गत जुलाई में हाईकोर्ट ने दरकिनार कर दिया था।
हाईकोर्ट ने अपने फैसले में कहा था कि चिंकारा के शरीर में मिली गोली सलमान खान की बंदूक से नहीं निकली थी। मालूम हो कि सलमान खान के खिलाफ चिंकारा का शिकार करने को लेकर वर्ष 1998 में दो अलग-अलग मामले दर्ज किए गए थे।