राजस्थान के छह बसपा विधायकों के कांग्रेस में विलय हो जाने के खिलाफ दायर याचिका पर सोमवार को होने वाली सुनवाई सुप्रीम कोर्ट ने एक हफ्ते के लिए टाल दी है।
जस्टिस अरुण मिश्रा की अध्यक्षता वाली तीन सदस्यीय पीठ ने भाजपा विधायक मदन दिलावर द्वारा दायर इस याचिका पर 24 अगस्त को सुनवाई करने का निर्णय लिया है। दिलावर ने याचिका दायर कर विधानसभा स्पीकर के उस निर्णय को चुनौती दी है जिसमें उन्होंने छह बसपा विधायकों के कांग्रेस में विलय की अनुमति दी थी।
विधानसभा स्पीकर की ओर से पेश वकील सुनील फर्नांडिस ने पीठ को बताया कि गत शुक्रवार को राजस्थान हाईकोर्ट ने आदेश का कुछ ही हिस्सा लिखवाया था। चूंकि साफ सफाई के काम के लिए तीन दिनों के लिए हाईकोर्ट को बंद रखने का निर्णय गया है, लिहाजा इस याचिका पर सुनवाई अगले हफ्ते की जाए।
सनद रहे कि सुप्रीम कोर्ट ने पिछले हफ्ते भी यह कहते हुए इस याचिका पर सुनवाई टाल दी थी कि इसी तरह का मामला हाईकोर्ट में भी लंबित है। सुप्रीम कोर्ट ने कहा था कि जब तक हाईकोर्ट इस मामले में आदेश नहीं पारित कर देता हम इस मसले पर दखल नहीं दे सकते।