आम्रपाली प्रोजेक्ट के फ्लैट खरीदारों के लिए राहत की खबर है। सुप्रीम कोर्ट ने आम्रपाली के छह अधूरे प्रोजेक्ट की बाधा दूर करते हुए एसबीआई कैप के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी। कंपनी इन प्रोजेक्ट के लिए 12 फीसदी दर पर 625 करोड़ रुपये फंड देगी। कोर्ट ने मंगलवार को इस मसले का निपटारा कर दिया।
एसबीआई कैप पहले ही आम्रपाली की छह परियोजनाओं के लिए 625 करोड़ रुपये देने की हामी भर चुकी थी, लेकिन मामला ब्याज दर को लेकर अटका हुआ था। फ्लैट खरीदारों का कहना था कि 12 फीसदी ब्याज ज्यादा है, इसे कम किया जाना चाहिए। जस्टिस अरुण मिश्रा और जस्टिस यूयू ललित की पीठ ने एसबीआई कैप को चार हफ्ते के भीतर 12 फीसदी ब्याज लेने से संबंधित कानूनी रूपरेखा जमा करने को कहा है। पीठ ने कहा कि इन परियोजनाओं को एनबीसीसी पूरा करेगी और अदालत द्वारा गठित कमेटी उस पर निगरानी रखेगी।
पीठ ने कोर्ट रिसीवर वरिष्ठ वकील आर वेंकटरमानी से कहा कि वह आरबीआई के साथ बातचीत कर आम्रपाली की शेष परियोजनाओं के लिए फंड का इंतजाम करने की कोशिश करें। सुप्रीम कोर्ट के इस निर्णय के बाद आम्रपाली की छह परियोजनाओं सिलिकॉन वैली 1 व 2, क्रिस्टल होम्स, सेंचुरियन पार्क लो राइज, सेंचुरियन पार्क 02 वैली, सेंचुरियन पार्क ट्रॉपिकल 02 वैली और सेंचुरियन पार्क ट्रॉपिकल गार्डन का काम जल्द पूरा होने की उम्मीद है। इन छह परियोजनाओं में करीब 7000 फ्लैट हैं। अगली सुनवाई 7 सितंबर को होगी।