CJI चंद्रचूड़ ने कुणाल कामरा के खिलाफ अवमानना याचिका पर सुनवाई से खुद को किया अलग
सीजेआई डी वाई चंद्रचूड़ ने न्यायपालिका के खिलाफ कथित निंदनीय ट्वीट को लेकर स्टैंड-अप कॉमेडियन कुणाल कामरा के खिलाफ अवमानना कार्रवाई की मांग वाली याचिकाओं पर सुनवाई से खुद को अलग कर लिया है। सीजेआई की अध्यक्षता वाली पीठ ने गुरुवार को इन याचिकाओं पर विचार किया। जिसके बाद सीजेआई ने कहा कि हम इस मामले को एक बेंच के समक्ष रखेंगे, जिसका मैं हिस्सा नहीं हूं। उन्होंने कहा कि ऐसा क्योंकि कुणाल कामरा ने उस आदेश पर टिप्पणी की थी, जोकि मैने पारित किया था। गौरतलब है कि कुणाल कामरा ने सुप्रीम कोर्ट के उस आदेश जिसमें टीवी एंकर अर्नब गोस्वामी को दो साल पहले आत्महत्या के मामले में 2020 में जमानत दी गई थी, पर ट्वीट किया था।
पीठ में न्यायमूर्ति पीएस नरसिम्हा भी शामिल थे। फिलहाल मामले को दो सप्ताह के बाद सूचीबद्ध किया गया है। गौरतलब है कि कामरा ने 11 नवंबर, 2020 को ट्वीट करके सुप्रीम कोर्ट के उस आदेश पर तंज कसा था, जिसमें शीर्ष अदालत 2018 में आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में अर्नब गोस्वामी की अंतरिम जमानत याचिका खारिज करने के बॉम्बे हाई कोर्ट के आदेश के खिलाफ अपील पर सुनवाई करते हुए गोस्वामी को अंतरिम जमानत दी थी।