एआई को लेकर जो साइंस फिक्शन फिल्मों में दिखाया जाता था। वह अब हकीकत में होता हुआ दिख रहा है। कुछ दिनों पहले सामने आई एक घटना ने इस डर को और गहरा करने का काम किया है। कुछ दिनों पहले की बात है एक खास तरह के साइबर सिक्योरिटी टेस्ट में 1,200 से ज्यादा एआई एजेंट्स को एक बंद सिस्टम में काम करने के लिए छोड़ा गया था। उन्हें आपस में सीधे बातचीत की कोई इजाजत नहीं थी।
हालांकि, इस दौरान 1200 से अधिक एजेंट्स ने मिलकर एक मैसेज बोर्ड बनाया। इस दौरान एक एजेंट ने खुद को फेजवन10841 नाम दिया और अपने आपको लीडर बना लिया। इसके बाद उसने बाकी एजेंट्स को छोटी-छोटी टीमों में बांटकर अलग-अलग काम देने लगा। देखते ही देखते एजेंट्स के बीच करीब 70 हजार से ज्यादा संदेशों का आदान-प्रदान हुआ। इसके बाद करीब 700 एजेंट्स ने मिलकर एआई प्लेटफॉर्म हगिंग फेस के सिस्टम पर हमला कर दिया।
आज हम जिस एआई का इस्तेमाल कर रहे हैं, उसे आसान भाषा में ऐसी मशीन समझिए जो कुछ काम इंसानों की तरह करने की कोशिश करती है। यह बड़ी मात्रा में जानकारी देखकर पैटर्न समझ सकती है और उसके आधार पर जवाब या नतीजा देती है। उदाहरण के तौर पर चैटजीपीटी से सवाल पूछना, मोबाइल में आवाज से कमांड देना, किसी फोटो में चेहरा पहचानना या यूट्यूब पर आपकी पसंद के वीडियो सुझाना। हालांकि, मौजूदा एआई की एक सीमा है उसे जिस तरह के काम के लिए बनाया और प्रशिक्षित किया जाता है। वह मुख्य रूप से उसी दायरे में अच्छा प्रदर्शन करता है। एआई स्मार्ट है हालांकि, इंसान की तरह हर तरह की चीजों को समझने वाला दिमाग अभी इसके पास नहीं है।
आर्टिफिशियल जनरल इंटेलिजेंस एआई का वह अगला स्तर है, जहां मशीन सिर्फ एक दो काम करने तक सीमित नहीं रहेगी। यह इंसान की तरह अलग-अलग तरह के बौद्धिक काम को समझ सकेगी। नई चीजें सीख सकती है और सीखी हुई जानकारी को दूसरी परिस्थितियों में भी इस्तेमाल कर सकती है। अगर इसने किसी विषय में समस्या हल करना सीखा है तो वह उसी समझ का इस्तेमाल किसी बिल्कुल नए क्षेत्र की समस्या में भी कर सकती है। एजीआई में दुनिया की सामान्य जानकारी तर्क करने और परिस्थितियों के हिसाब से फैसला लेने की क्षमता होगी। इस कारण इसे हर नए काम के लिए अलग से तैयार करने की जररत नहीं होगी। फिलहाल आर्टिफिशियल जनरल इंटेलिजेंस अस्तित्व में नहीं आया है।
आर्टिफिशियल सुपर इंटेलिजेंस की कल्पना एजीआई से भी आगे की जाती है। एएसआई वह चरण है जो बौद्धिक क्षमता के मामले में इंसानों से बहुत आगे निकल जाएगा। वह बेहद जटिल समस्याओं को इंसानों से तेजी से समझ सकता है, नई वैज्ञानिक खोजों में मदद कर सकता है और ऐसी खोज और इनोवेशन कर सकता है, जिनके बारे में इंसान सोच तक नहीं सकता है। सबसे बड़ी बात यह है कि ऐसा एआई अगर खुद को लगातार बेहतर बनाने में सक्षम हुआ, तो उसकी क्षमता बहुत तेजी से बढ़ सकती है। गौर करने वाली बात है कि आर्टिफिशियल सुपरइंटेलिजेंस भविष्य की संभावित अवधारणा है।